Bharat Gaurav Train Dadar To Bodhgaya: महाराष्ट्र सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दादर रेलवे टर्मिनस से बोधगया के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन को सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महाराष्ट्र सरकार और आईआरसीटीसी की संयुक्त पहल के तहत संचालित इस विशेष ट्रेन में करीब 800 श्रद्धालु भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए। यह मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत चलाई गई तीसरी विशेष तीर्थयात्री ट्रेन है, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक तीर्थयात्रा उपलब्ध कराना है।
आईआरसीटीसी और महाराष्ट्र सरकार के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में दादर से बोधगया के लिए विशेष ट्रेन का संचालन किया गया। ट्रेन को रवाना करने के अवसर पर विधायक कालिदास कोलंबकर, तुकाराम काते, विधान परिषद सदस्य मनीषा कायंदे, महाराष्ट्र शासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
कार्यक्रम में आईआरसीटीसी पश्चिमी क्षेत्र के ग्रुप जनरल मैनेजर गौरव झा, अतिरिक्त महाप्रबंधक हर्षवर्धन सिंह रावत, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. एके सिंह, मध्य रेलवे मुंबई मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक तरुण कुमार सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत इससे पहले छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर से दो विशेष तीर्थयात्री ट्रेनों का सफल संचालन किया जा चुका है। दादर से रवाना हुई यह तीसरी विशेष ट्रेन है, जो श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों को देश की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
आईआरसीटीसी ने यात्रा को सुगम बनाने के लिए अनुभवी टूर मैनेजरों की तैनाती की है। श्रद्धालुओं के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, आवास, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
फूलों से सुसज्जित इस भारत गौरव पर्यटक ट्रेन में कुल 10 कोच लगाए गए हैं, जिनमें लगभग 800 श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं। यह विशेष ट्रेन 20 जुलाई 2026 को दादर रेलवे टर्मिनस से रवाना हुई और 26 जुलाई को मुंबई लौटेगी।
यह भी पढ़ेः- बेस्ट बस हादसों पर गंभीर सवाल; ड्राइवर नहीं, सिस्टम है हादसों का जिम्मेदार, कागजों में फिट, सड़क पर हैं अनफिट
आईआरसीटीसी और महाराष्ट्र सरकार की यह संयुक्त पहल न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आरामदायक और यादगार तीर्थयात्रा का अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक प्रभावी प्रयास है।