मुंबईकरों को मिली बड़ी राहत, 23 जून को मुंबई पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून (फोटो क्रेडिट-X) 
मुंबई

'देर आए पर दुरुस्त आए', मुंबई में मानसून की पहली फुहार, कहीं खुशी-कहीं गम, खुशी मुखर्जी की कार पर गिरा पेड़

Maharashtra Monsoon Entry Mumbai Rain 2026: महाराष्ट्र में 12 दिन की देरी से मानसून की आधिकारिक एंट्री; मुंबई और आसपास के इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर धीमी और तेज बारिश हो रही है।

अनिल सिंह

Mumbai Rain Maharashtra Monsoon Update: भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से जूझ रहे मुंबई समेत महाराष्ट्र के नागरिकों के लिए आखिरकार राहत की बड़ी खबर आ गई है। तय समय से करीब 12 दिन की देरी से ही सही, लेकिन सूबे के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) ने धमाकेदार दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज (23 जून 2026) मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न तटीय और आंतरिक हिस्सों में मानसून के पहुंचने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल दहानू, वर्धा, रायपुर और मोतिहारी से होकर गुजर रही है, जिससे अगले दो से तीन दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।

मुंबई में 12 दिन की देरी से पहुंचा मानसून

आमतौर पर मुंबई में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 11 जून मानी जाती है, लेकिन इस साल बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने चक्रवातीय समीकरणों के कारण इसमें 12 दिनों का विलंब हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि ठीक तीन साल पहले यानी साल 2023 में भी मुंबई में मानसून ने इसी तरह 23 जून को ही दस्तक दी थी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस देरी के बावजूद आगामी दिनों में मुंबई और कोंकण क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी, जिससे मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले जलाशयों का जलस्तर सुधरेगा।

पहले ही दिन मुंबईकरों की बढ़ी परेशानी

मुंबई और उपनगरीय इलाकों में आज सुबह से ही रुक-रुक कर तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मुंबई उपनगर के अंधेरी, बांद्रा, मलाड, कांदिवली, दहिसर, पवई, विक्रोली और घाटकोपर जैसे प्रमुख इलाकों में काले बादलों के साथ झमाझम बरसात हो रही है। इस बारिश ने जहां एक तरफ तापमान में गिरावट लाकर लोगों को उमस से राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ पहले ही दिन मुंबई की रफ्तार पर थोड़ा ब्रेक भी लगा दिया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ और बड़ी शाखाएं गिरने की शिकायतें आपदा प्रबंधन कक्ष को मिली हैं।

अभिनेत्री खुशी मुखर्जी की कार क्षतिग्रस्त

बरसात के पहले ही दिन मुंबई के पॉश इलाके अंधेरी वेस्ट स्थित लोखंडवाला से एक बड़े हादसे की खबर आई है। यहाँ की एक आवासीय सोसायटी परिसर में खड़ी टेलीविजन अभिनेत्री खुशी मुखर्जी की महंगी लग्जरी कार पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। तेज हवाओं के कारण गिरे इस पेड़ के मलबे से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया है और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद बीएमसी (BMC) ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान अपने वाहनों को कमजोर पेड़ों या खुले स्थानों में पार्क करने से बचें।

तमिलनाडु में NEET खत्म करने का प्रस्ताव पास, जानें क्यों लगातार परीक्षा का विरोध कर रहा राज्य

आज की ताजा खबर 11 अगस्त LIVE: हंगामे के कारण लोकसभा कल तक के लिए स्थगित, राज्यसभा में चर्चा जारी

राहुल गांधी एक बिगड़े शहजादे, गृहमंत्री के आते ही संसद से भागे; भाजपा सांसद ने नेता प्रतिपक्ष पर कसा तंज

छात्र आंदोलन, बेरोजगारी और आरक्षण पर मायावती ने उठाए सवाल; BJP-कांग्रेस पर लगाया मिलीभगत का आरोप

राहुल बहा रहे घड़ियाली आंसू, धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- उन्हें सिर्फ झूठ फैलाना आता है