15 जनवरी को महाराष्ट्र के 29 शहरों में सार्वजनिक अवकाश को ऐलान (डिजाइन फोटो)
Maharashtra Public Holiday 15 January: महाराष्ट्र में 'सत्ता के सेमीफाइनल' यानी नगर निगम चुनावों की रणभेरी बज चुकी है। 15 जनवरी 2026 को होने वाले मतदान के लिए राज्य सरकार ने उन 29 शहरों में सार्वजनिक छुट्टी घोषित की है जहां चुनाव होने हैं। इसमें मुंबई (BMC), पुणे और ठाणे जैसे बड़े महानगर शामिल हैं।
निकाय चुनावों के लिए विशेष अवकाश की घोषणा
महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 15 जनवरी को होने वाले मतदान के दिन संबंधित क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। गौरतलब है कि यह छुट्टी सरकार के वार्षिक कैलेंडर (24 सार्वजनिक छुट्टियां) का हिस्सा नहीं थी, बल्कि इसे विशेष रूप से चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने और मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए घोषित किया गया है। 16 जनवरी को मतों की गिनती की जाएगी।
किन शहरों में रहेगा अवकाश?
यह छुट्टी पूरे राज्य में नहीं, बल्कि केवल उन 29 नगर निगम क्षेत्रों में लागू होगी जहाँ चुनाव निर्धारित हैं। प्रमुख प्रभावित क्षेत्र इस प्रकार हैं:
- मुंबई महानगर: मुंबई शहर और मुंबई उपनगरीय जिला (BMC क्षेत्र)।
- पुणे संभाग: पुणे (PMC) और पिंपरी-चिंचवाड़ (PCMC)।
- ठाणे जिला: ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भाईंदर, उल्हासनगर और भिवंडी।
- उत्तर महाराष्ट्र: नासिक, मालेगांव, जलगांव और धुले।
- विदर्भ और मराठवाड़ा: नागपुर, अमरावती, अकोला, चंद्रपुर, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद), लातूर और नांदेड़।
- अन्य शहर: सोलापुर, कोल्हापुर, सांगली और अहिल्यानगर (अहमदनगर)।
क्या खुला रहेगा और क्या बंद?
छुट्टी की घोषणा के बाद सार्वजनिक सुविधाओं और संस्थानों पर इसका व्यापक असर पड़ेगा:
- सरकारी दफ्तर: राज्य सरकार के सभी विभाग और अर्ध-सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
- केंद्र सरकार के कार्यालय: चुनाव वाले नगर निगम क्षेत्रों की सीमा में आने वाले केंद्रीय दफ्तरों में भी अवकाश लागू होगा।
- शिक्षण संस्थान: सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे, क्योंकि अधिकांश परिसरों का उपयोग मतदान केंद्र के रूप में किया जाना है।
बैंक और शेयर बाजार की स्थिति पर सस्पेंस
- बैंक हॉलिडे: 'नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट' के तहत मतदान वाले क्षेत्रों में बैंक बंद रहने की संभावना है। हालांकि, RBI के आधिकारिक कैलेंडर में 15 जनवरी की छुट्टी फिलहाल दर्ज नहीं है। ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्थानीय बैंक से पुष्टि कर लें।
- शेयर बाजार (BSE/NSE): स्टॉक एक्सचेंज के पहले से तय हॉलिडे कैलेंडर में 15 जनवरी शामिल नहीं है। चूँकि शेयर बाजार का मुख्यालय मुंबई (बीएमसी क्षेत्र) में है, इसलिए अटकलें हैं कि छुट्टी हो सकती है, लेकिन एक्सचेंज की ओर से अभी तक आधिकारिक स्पष्टीकरण आना बाकी है।
16 जनवरी को आएंगे नतीजे
राज्य चुनाव आयोग (SEC) के मुताबिक, एशिया की सबसे अमीर नगर पालिका BMC समेत सभी 29 निकायों के लिए मतदान 15 जनवरी को एक ही चरण में होगा। 16 जनवरी को यह साफ हो जाएगा कि 74,000 करोड़ रुपये से अधिक के बजट वाली BMC की कमान किसके हाथ में होगी।