Maharashtra Farmer Loan Waiver: महाराष्ट्र सरकार ने 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी' योजना के तहत 533 पात्र किसानों की पहली सूची जारी कर दी है। कर्जमाफी की प्रक्रिया एकमुश्त न होकर तीन चरणों में पूरी की जाएगी। कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने ऐलान किया है कि किसानों के खातों में इस महीने के अंत तक सीधे पैसे जमा हो जाएंगे, जिससे उनका कर्ज खाता शून्य हो जाएगा और उन्हें नया फसल ऋण मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।
कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने इंदापुर में कहा कि पहले चरण में पुणे जिले को लगभग 550 करोड़ रुपए मिले हैं। पूरे राज्य में इन तीन चरणों के तहत किसानों को कुल 40 हजार करोड़ रुपए की कर्जमाफी का लाभ मिलेगा। इस योजना से राज्य के कुल 56 लाख पात्र किसान लाभान्वित होंगे। इसके अलावा, नियमित रूप से कर्ज चुकाने वाले 23.63 लाख किसानों को 50 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन लाभ भी दिया जाएगा।
सरकार ने कर्जमाफी की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए नई समय सीमा तय की है। कृषि मंत्री के अनुसार, अगले महीने के अंत तक कर्जमाफी की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी।
ये भी पढ़े: रेलवे ट्रैक मरम्मत का असर, पुणे-संतरागाछी एक्सप्रेस समेत 2 ट्रेनें प्रभावित; यात्रियों से सहयोग की अपील
इससे पहले 30 जून और 5 जुलाई की समय सीमा तय की गई थी, लेकिन अब अंतिम चरण के किसानों को थोड़ा और इंतजार करना होगा। इस योजना को सफल बनाने के लिए 30 जिला सहकारी बैंकों और 12 राष्ट्रीयकृत बैंकों सहित कुल 53 बैंकों ने महा आईटी पोर्टल पर किसानों की जानकारी अपलोड कर दी है।