Maharashtra Budget 2026-27 Highlights: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का राज्य बजट पेश किया। बजट की शुरुआत एक भावुक क्षण के साथ हुई, जब उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार को श्रद्धांजलि दी और उनके सम्मान में एक भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की। फडणवीस ने अपने भाषण के बीच में शायराना अंदाज में सरकार के बुलंद हौसलों को बयां किया।
"जब इरादा बना लिया है ऊंची उड़ान का, तो फिजूल है देखना कद आसमान का।"
यह बजट 'विकसित महाराष्ट्र 2047' के विजन पर आधारित है, जिसका उद्देश्य महाराष्ट्र को देश की पहली 5 ट्रिलियन डॉलर की राज्य अर्थव्यवस्था बनाना है। सरकार ने इसके लिए चार मुख्य स्तंभों (Four Pillars) पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें प्रगतिशील महाराष्ट्र और समावेशी विकास को प्राथमिकता दी गई है।
अजित पवार स्मारक: उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन के बाद उनके प्रशासनिक योगदान को चिरस्थाई बनाने के लिए सरकार ने उनके स्मारक के निर्माण के लिए विशेष निधि आवंटित की है।
5 ट्रिलियन इकोनॉमी का लक्ष्य: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि साल 2047 तक महाराष्ट्र 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। इसके लिए उद्योग जगत में 1500 अरब करोड़ के निवेश और वैश्विक केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
50 लाख रोजगार: आने वाले वर्षों में राज्य के युवाओं के लिए 50 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है।
कृषि और एआई (AI): 'बलि राजा' (किसानों) के लिए बजट में डिजिटल खेती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर जोर दिया गया है। एआई की मदद से कीट नियंत्रण, मौसम पूर्वानुमान और लागत कम करने के लिए नई नीतियां लागू की जाएंगी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हजारों किलोमीटर नई सड़कों का जाल बिछाने और झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास (SRA) परियोजनाओं को गति देने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा, राज्य की महान विभूतियों, संत गाडगे बाबा, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर, शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे और संत तुकाराम महाराज के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न विकास कार्यों और स्मारकों के लिए बजट में प्रावधान किए गए हैं।
प्रगतिशील महाराष्ट्र: औद्योगिक और तकनीकी विकास।
सशक्त बलि राजा: किसानों की आय दोगुनी करना और डिजिटल एग्री-टेक।
युवा और रोजगार: कौशल विकास और नए औद्योगिक अवसर।
समावेशी समाज: समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास पहुँचाना।