Mumbai Mahalaxmi Cable Stayed Bridge: महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के पास केशवराव खाड्ये मार्ग पर बन रहे बहुप्रतीक्षित केबल स्टे पुल के निर्माण कार्य को गति दी जा रही है। बीएमसी की ओर से विकास योजना के तहत बनाए जा रहे इस पुल का मनपा अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने गुरुवार को मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए।
केशवराव खाड्ये मार्ग पर बनाया जा रहा यह केबल स्टे पुल रेलवे पटरियों के ऊपर बीएमसी का पहला केबल आधारित पुल होगा। यह महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के समीप पश्चिम रेलवे के ऊपर से सात रास्ता और महालक्ष्मी मैदान को जोड़ेगा। पुल की कुल लंबाई 803 मीटर और चौड़ाई 17।2 मीटर है, जबकि रेलवे क्षेत्र में इसकी चौड़ाई 23।01 मीटर होगी।
पुल को मजबूती देने के लिए 78.5 मीटर ऊंचा पायलॉन तैयार किया गया है। पायलॉन के पश्चिमी हिस्से में 95 मीटर लंबे स्पैन का निर्माण पूरा हो चुका है।
वहीं, पूर्वी हिस्से में 165 मीटर लंबे स्पैन का निर्माण रेलवे की सीमा में किया जाना है। इसके लिए रेलवे विभाग से आवश्यक ब्लॉक मिलने का इंतजार है।
पुल के पश्चिमी हिस्से में अधिकांश खंभों का निर्माण पूरा हो गया है। हालांकि, यातायात डायवर्जन के कारण पांच खंभों का काम अभी लंबित है। ट्रैफिक पुलिस की अनुमति के बाद यातायात को डायवर्ट कर इन कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए बीएमसी की ओर से कंक्रीट सर्विस रोड भी तैयार की जा रही है।
साथ ही विभिन्न उपयोगिता सेवाओं की पाइपलाइन और अन्य सुविधाएं बिछाने का काम जारी है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से सर्विस रोड पर यातायात संचालित किया जाएगा। पुल विभाग ने पूरे फ्लाईओवर का निर्माण 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता (पुल) राजेश मुले सहित अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।