Mumbai Maha Metro Record Ridership: महा मुंबई मेट्रो ने यात्री संख्या के मामले में नया इतिहास रचते हुए सुपर सिक्स लगाते हुए एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 21 जुलाई को रिकॉर्ड 3,73,637 यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया, जो अब तक का सबसे अधिक एकदिवसीय यात्री आंकड़ा है।
खास बात यह है कि पिछले 33 दिनों में यह छठवां नया रिकॉर्ड है, जिससे साफ है कि मुंबईकरों का भरोसा लगातार मेट्रो पर बढ़ रहा है। बढ़ती यात्री संख्या के साथ डिजिटल टिकटिंग को भी जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। 22 जुलाई को 72 प्रतिशत से अधिक यात्रियों ने डिजिटल और पेपरलेस टिकट का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
महा मुंबई मेट्रो के अनुसार, 21 जुलाई को दर्ज 3,73,637 यात्रियों का आंकड़ा अब तक का सर्वोच्च दैनिक रिकॉर्ड है। इससे पहले 15 जुलाई को 3,70,047, 14 जुलाई को 3,68,422, 9 जुलाई को 3,65,845, 23 जून को 3,58,115 और 19 जून को 3,57,895 यात्रियों ने सफर कर नए रिकॉर्ड बनाए थे।
लगातार नए कीर्तिमान इस बात का संकेत हैं कि मेट्रो अब मुंबईकरों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनती जा रही है। प्राधिकरण का कहना है कि डिजिटल टिकटिंग को यात्रियों का बढ़ता समर्थन न केवल सफर को अधिक सुविधाजनक बना रहा है, बल्कि कागज की खपत कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रहा है। 72 प्रतिशत से अधिक यात्रियों द्वारा पेपरलेस टिकट का इस्तेमाल हरित परिवहन की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- मुंबई मेट्रो लाइन-2बी का स्टील स्ट्राइक, बांद्रा के केबल-स्टे ब्रिज पर 70 टन का सेगमेंट फिट, रचा इंजीनियरिंग
ज्यादा लोगों को मुंबई मेट्रो से जोड़ने का प्रयास महा मुंबई मेट्रो ने इस उपलब्धि का श्रेय मुंबईकरों के विश्वास और सहयोग को दिया है। प्राधिकरण ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और लगातार मिल रहे समर्थन से बेहतर, सुरक्षित, तेज और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की उनकी प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। आने वाले समय में बेहतर सेवाओं और निर्बाध कनेक्टिविटी के जरिए अधिक से अधिक लोगों को मेट्रो से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।