Mumbai Local Train Man Beats Woman: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल के महीनों में लोकल ट्रेनों के भीतर यात्रियों के बीच हिंसक झड़पों के मामले लगातार सामने आए हैं, लेकिन इस बार एक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है।
चलती लोकल ट्रेन के डिब्बे में एक पुरुष यात्री ने एक महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान कोच में मौजूद अन्य यात्री तमाशबीन बने रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रारंभिक जानकारी और वायरल वीडियो के अनुसार, यह घटना लोकल ट्रेन के डिब्बे की है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला डिब्बे में एक सीट पर सो रही थी। इसी बात को लेकर एक पुरुष यात्री उससे उलझ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी शख्स आपा खो बैठा और उसने महिला पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। वह महिला को सरेआम अपशब्द कह रहा था। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने अपनी बेल्ट निकाल ली और महिला को बेल्ट से मारने की धमकी देने लगा।
इस पूरी दर्दनाक घटना के दौरान सबसे ज्यादा शर्मसार करने वाली बात यह रही कि आसपास कई पुरुष यात्री बैठे हुए थे। हालांकि, किसी भी यात्री ने आगे आकर उस उग्र व्यक्ति को रोकने या महिला का बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोग न केवल महिला के साथ मारपीट करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, बल्कि साथी यात्रियों की इस अमानवीय चुप्पी पर भी सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह घटना किस स्टेशन के पास हुई है। खबर के मुताबिक यह ट्रेन गोरेगांव और सीएसएमटी के बीच चलने वाली ट्रेन है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए रेलवे पुलिस (GRP/RPF) ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर ट्रेन व मार्ग की पहचान की जा रही है और आरोपी यात्री की शिनाख्त कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।