कुर्ला मॉल के सामने 13-15 युवकों पर तीन दोस्तों से मारपीट का आरोप।
हमले में शुभम परमार गंभीर घायल, सिर-होंठ पर टांके और दांत टूटे।
FIR के बजाय NC दर्ज करने पर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में।
CCTV में एक आरोपी की पहचान का दावा, गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग।
मॉल परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज करने की मांग।
Kurla Phoenix Marketcity Assault: कुर्ला स्थित फीनिक्स मार्केटसिटी मॉल के सामने 20 नवंबर की रात बाइक सवार 13 से 15 युवकों के एक समूह द्वारा तीन दोस्तों पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में शुभम परमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिर में चोट लगी, सिर पर टांके लगाने पड़े और दांत टूटने के साथ होंठ पर भी टांके आए।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए वैभव परमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर मुंबई पुलिस को टैग कर मदद की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि गंभीर चोटों के बावजूद विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करने के बजाय केवल NC दर्ज की गई है। उनका यह भी दावा है कि घटना के चार दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
वैभव के मुताबिक, बुधवार सुबह उनका भाई दो बार पुलिस स्टेशन गया, लेकिन उसे अकेले ही आसपास के इलाकों में CCTV फुटेज की जांच करने के लिए भेज दिया गया। CCTV कैमरों की जांच के दौरान शुभम ने नाज होटल के पास कथित हमलावरों में से एक युवक को देखा।
गौरतलब है कि कुर्ला के इसी इलाके में तीन दिन पहले एक कपल के साथ कथित बदसलूकी की घटना भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने फीनिक्स मार्केटसिटी मॉल के आसपास नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर इस क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।
वैभव परमार ने मुंबई पुलिस से मांग की है कि मामले में चोटों की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाए, सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और आसपास के CCTV फुटेज तत्काल सुरक्षित किए जाएं, ताकि महत्वपूर्ण सबूत नष्ट न हों।
उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त, महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक और मुख्यमंत्री कार्यालय को भी टैग करते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
वैभव ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया है कि यदि इस हमले में उनके भाई की जान चली जाती, तो क्या केवल NC दर्ज करना पर्याप्त होता? उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।