Kandivali MNS Workers Assault Man: कांदिवली इलाके में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ अपशब्द बोलने वाले एक परप्रांतीय रिक्शा गैराज मालिक को मनसे कार्यकर्ताओं ने पीट दिया, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गैरेज मालिक ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था और राज ठाकरे को धमकी दी थी। जैसे ही यह बात मनसे कार्यकर्ताओं तक पहुंची, वे मौके पर पहुंचे और संबंधित युवक को पकड़ लिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा युवक की पिटाई भी की गई। बाद में वह युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए दिखाई दिया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह राज ठाकरे के खिलाफ दिए गए अपने बयान पर खेद व्यक्त करता नजर आ रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के विभाग अध्यक्ष दिनेश सालवी ने बताया कि जैसे ही कार्यकर्ताओं को इस मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। उनका कहना है कि किसी भी नेता के खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा और धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाल ही में महाराष्ट्र दिवस के कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने राज्य में रहने वाले सभी नागरिकों से मराठी भाषा के प्रति मुखर होने की बात कही है। साथ ही उन्होंने ये भी दावा किया कि कई लोगों को जान बूझकर इस उद्देश्य से एकजुट होने से रोके जाने की कोशिश की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें :- Bhiwandi Municipal Corporation में स्वीकृत नगरसेवकों पर सस्पेंस, 3 महीने बाद भी नहीं हुआ मनोनयन
इतना ही नहीं राज ठाकरे ने सभी नेताओं और सरकार को महाराष्ट्र की ऐसी स्थिति के लिए जिम्मेदार बताया है। राज ठाकरे ने धमकी भरे अंदाज में सवाल किया कि ऑटो और टैक्सी चालकों को मराठी में बोलने से मना करने की हिम्मत कहां से आ रही है? क्या वे तामिलनाडु या पश्चिम बंगाल में होते तो इतनी हिम्मत दिखा पाते?