इंडिगो (फोटो-सोशल मीडिया)  
मुंबई

मिडिल ईस्ट हालात के बीच इंडिगो ने बदला उड़ान शेड्यूल, 28 मार्च तक नई व्यवस्था लागू

Middle East में बदलते हालात को देखते हुए इंडिगो ने 16 से 28 मार्च 2026 तक अपने उड़ान संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इस दौरान भारत और गल्फ देशों के बीच सीमित लेकिन नियमित उड़ान सेवा जारी रहेगी।

अपूर्वा नायक

Indigo Middle East Flight Schedule Change: मिडिल ईस्ट क्षेत्र में हाल के दिनों में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए देश की निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने अपने उड़ान संचालन में अस्थायी बदलाव करने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था 16 मार्च से 28 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।

कंपनी ने इस अवधि के लिए नया उड़ान कार्यक्रम जारी करते हुए बताया है कि भारत और मिडिल ईस्ट के बीच कुल 252 साप्ताहिक उड़ानें संचालित की जाएंगी। कंपनी का कहना है कि परिस्थितियां सामान्य होते ही धीरे-धीरे अपने नियमित कार्यक्रम की ओर लौटने का प्रयास किया जाएगा।

सऊदी अरब के लिए विशेष व्यवस्था

नई व्यवस्था के तहत सऊदी अरब के लिए तथा वहां से कुल 126 साप्ताहिक उड़ानें संचालित की जाएंगी। कंपनी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को यात्रा के लिए आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें और दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क बना रहे। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है जो कामकाज या अन्य जरूरी कारणों से नियमित रूप से यात्रा करते हैं।

मुंबई से गल्फ देशों के लिए नियमित उड़ानें

मुंबई से गल्फ देशों के लिए रोजाना कुल 18 उड़ानें संचालित की जाएंगी, जिनमें आने और जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। इनमें मुंबई से अबू धाबी के लिए प्रतिदिन एक उड़ान, दुबई के लिए तीन उड़ानें, मस्कट के लिए एक उड़ान, मदीना के लिए एक उड़ान, रियाध के लिए एक उड़ान तथा जेद्दाह के लिए दो उड़ानें शामिल हैं। इस व्यवस्था से यात्रियों को यात्रा के लिए पर्याप्त विकल्प उपलब्ध रहेंगे।

यात्रियों को बेहतर संपर्क सुविधा

भारत के विभिन्न शहरों से ओमान के लिए 28 साप्ताहिक उड़ानें और संयुक्त अरब अमीरात के लिए 98 साप्ताहिक उड़ानें संचालित की जाएंगी। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलती रहेगी और उनकी यात्रा प्रभावित नहीं होगी।

कुछ मार्गों पर अस्थायी रोक

हालांकि उड़ान नेटवर्क में बदलाव के कारण कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से उड़ान सेवा निलंबित रखी गई है। इनमें दोहा, कुवैत, बहरीन, दमाम, फुजैरा, रास अल खैमाह और शारजाह जैसे शहरों के लिए निर्धारित उड़ानें 28 मार्च तक बंद रहेंगी।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियां सामान्य होने के बाद इन मार्गों पर भी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी, जिससे यात्रियों को पहले की तरह सुगम और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके।

नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की साजिश... CJP प्रदर्शन पर बोलीं इन्फ्लुएंसर रिया खानोलकर

दिल्ली-NCR में फिर कांपी धरती! भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में मचा हड़कंप

INDIA Alliance Protest: राहुल-प्रियंका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, कांग्रेस बोली सब याद रखा जाएगा

दो घंटे की हिरासत के बाद छूटे राहुल और प्रियंका गांधी, आकाशवाणी परिसर से हुई थी गिरफ्तारी

पंजाब CM ऑफिस पर CBI की छापेमारी, भगवंत मान बोले- BJP ने शुरू कर दी चुनावी खेल