Electric Flying Taxi India: भारत ने शहरी हवाई परिवहन की दिशा में बड़ी छलांग लगाते हुए अपना पहला पूर्ण आकार का इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग विमान प्रोटोटाइप तैयार कर लिया है।
आईआईटी मद्रास में विकसित इस 'इलेक्ट्रिक फ्लाइंग टैक्सी' की एक बार चार्ज करने पर 110 किलोमीटर तक उड़ान भरने की क्षमता होगी। अगले चरण में इसके परीक्षण शुरू किए जाएंगे, जबकि 2028 तक एयर एम्बुलेंस सेवा के साथ वाणिज्यिक एयर टैक्सी परिचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी के अनुसार पीटी-01 को एक पायलट के साथ 200 किलो तक पेलोड ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें एक मरीज, एक पैरामेडिकल और चिकित्सा उपकरण आसानी से ले जाए जा सकते हैं। विमान में कई स्वतंत्र इलेक्ट्रिक प्रोपेलर लगाए गए हैं, जिससे किसी एक यूनिट में खराबी आने पर भी उड़ान सुरक्षा बनी रहती है। कंपनी के अनुसार 2027 में जमीनी परीक्षण और प्रमाणन उड़ानें पूरी करने के बाद 2028 में टैक्सी सेवा शुरू करने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें: - मुंबई लोकल में फिर टला बड़ा हादसा: दिवा-मुंब्रा के बीच खंभे से टकराया महिला की साड़ी का पल्लू, वायरल वीडियो
यह पूरी तरह बैटरी से संचालित कई इलेक्ट्रिक मोटरों और प्रोपेलरों की मदद से उड़ान भरता है। करीब 2.2 टन वजनी पीटी-01 का विंगस्पैन 8 मीटर है और यह एक बार चार्ज करने पर लगभग 110 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है। कंपनी का दावा है कि इसका आकार इतना कॉम्पैक्ट है कि इसे अस्पतालों के हेलीपैड और इमारतों की छतों से भी संचालित किया जा सकता है, जिससे अतिरिक्त बुनियादी ढांचे की जरूरत नहीं पड़ेगी।