मुंबई में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा की उपस्थिति में इंडिया केम 2026 का उद्घाटन हुआ।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी हुए शामिल।
मध्य प्रदेश की बीना रिफाइनरी में 50,000 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- हजारों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
CM Dr. Mohan Yadav India Chem 2026 Speech: देश के रसायन और पेट्रोकेमिकल्स उद्योग के सबसे बड़े द्विवार्षिक आयोजन 'इंडिया केम 2026' का मुंबई में भव्य शुभारंभ हो गया है। उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, गुजरात के राज्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया, फिक्की (FICCI) की राष्ट्रीय पेट्रोकेमिकल्स समिति के अध्यक्ष तथा एचएमईएल (HMEL) के एमडी और सीईओ प्रभ दास, यूपीएल (UPL) के चेयरमैन और ग्रुप सीईओ जय श्रॉफ सहित देश-विदेश के कई गणमान्य उद्योगपति और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण देश के सभी राज्यों को आपस में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनूठा अवसर मिल रहा है।
CM यादव ने कहा कि आज मध्य प्रदेश अपनी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू कर व्यापार और व्यवसाय को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार के सभी मंत्रालय राज्य सरकारों को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पेट्रोकेमिकल्स और रसायन उद्योग की दृष्टि से मध्य प्रदेश में प्रचुर संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य में पर्याप्त लैंड बैंक, निर्बाध बिजली, पानी और कुशल श्रम शक्ति की उपलब्धता है। इन्हीं मजबूत आधारों के दम पर राज्य सरकार ने पेट्रोकेमिकल्स और रसायन के क्षेत्र में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई है।
CM डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सभी क्षेत्रों के व्यवसायियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने के लिए लगातार हर प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहे हैं। पेट्रोकेमिकल्स का क्षेत्र प्रदेश में व्यापार और व्यवसाय के विस्तार का एक बड़ा केंद्र बन रहा है। हमने निवेशकों को यहां निवेश के लिए आमंत्रित किया है और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए भी आमंत्रण दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गेल की बड़ी पाइपलाइन मध्यप्रदेश से होकर गुजर रही है और बीना रिफाइनरी में भी बड़े स्तर पर काम हो रहा है। आजादी के बाद पहली बार हम अपने राज्यों की क्षमताओं के बल पर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए रोडमैप तैयार कर आगे बढ़ रहे हैं। इसी दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने ठोस रणनीति बनाई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में निवेश से उद्योगों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मोहन यादव ने कहा कि बीना रिफाइनरी में यदि ₹50,000 करोड़ का निवेश होता है, तो निश्चित रूप से हजारों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
मुंबई में आयोजित होने वाले इंडिया केम-2026 के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदर्शनी में उपस्थित भी हुआ हुए, जिसमें मध्यप्रदेश का भी विशेष स्टॉल लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में राज्यों को विकास की दृष्टि से आगे बढ़ने के अवसर लगातार मिल रहे हैं। विशेषकर रसायन व पेट्रोकेमिकल्स, कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य समेत विनिर्माण क्षेत्र में इसका अपना महत्व है। मध्यप्रदेश का बीना पेट्रोकेमिकल का नया केन्द्र बन रहा है, इसकी प्रगति के संबन्ध में भी मैंने जानकारी ली है।
इंडिया केम 2026 में मध्यप्रदेश की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तत्पर है।