26/11 हमले के बाद हुआ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का गठन
मुंबई आतंकी हमले के एक महीने के भीतर बना कानून
NIA काे जांच के लिए किसी भी राज्य सरकार की मंजूरी नहीं लेनी पड़ती
2019 के संशोधन के बाद विदेशों में भी जांच की शक्ति
26/11 Attack NIA Formation Connection: 26 नवंबर 2008 की वह काली रात, जब समुद्र के रास्ते आए 10 आतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को दहला दिया था। करीब 60 घंटे तक चले इस भीषण आतंकी हमले में 166 बेगुनाह लोगों की जान गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए। आज 26 नवंबर 2026 काे मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी है। इस आतंकी हमने भारत की आंतरिक सुरक्षा और खुफिया तंत्र की कई बड़ी खामियों को उजागर किया।
इसी हमले के बाद देश को एक ऐसी केंद्रीय जांच एजेंसी की जरूरत महसूस हुई, जो बिना किसी राज्य की सीमा में बंधे आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर सके। इसी सोच से देश की सबसे ताकतवर आतंकवाद-रोधी संस्था राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का जन्म हुआ। इसे राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण भी कहते है।
26/11 आतंकी हमले से पहले भारत में आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच राज्य की पुलिस करती थी, जिससे अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आतंकी नेटवर्क को पकड़ने में समन्वय की कमी आड़े आती थी। इस कमी को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने तत्काल कदम उठाए। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के तुरंत बाद भारत की आतंकवाद-रोधी जांच व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने महज एक महीने के भीतर संसद में 31 दिसंबर 2008 को राष्ट्रीय जांच एजेंसी अधिनियम, 2008 पेश किया।
31 दिसंबर 2008 को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही यह कानून लागू हो गया और जनवरी 2009 में NIA ने औपचारिक रूप से काम करना शुरू कर दिया। NIA मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है और इसके पहले महानिदेशक राधा विनोद राजू थे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाली NIA भारत की प्रमुख संघीय आतंकवाद-रोधी एजेंसी है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे देश के किसी भी राज्य में आतंकी घटना की जांच करने के लिए राज्य सरकार की विशेष अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होती। केंद्र सरकार के निर्देश पर या स्वतः संज्ञान लेकर यह किसी भी मामले की जांच अपने हाथ में ले सकती है।
समय के साथ बदलते खतरों को देखते हुए केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में NIA अधिनियम में बड़ा संशोधन किया। इसके बाद एजेंसी को न केवल देश के भीतर, बल्कि भारत से बाहर भारतीय नागरिकों और भारतीय हितों को निशाना बनाने वाले आतंकी अपराधों की जांच करने का भी अधिकार मिल गया।
इसके दायरे में साइबर आतंकवाद, मानव तस्करी और जाली नोटों के नेटवर्क जैसे गंभीर अपराध भी शामिल हैं। इसके अलावा, मामलों के त्वरित निपटारे के लिए देश भर में विशेष अदालतों का गठन भी किया गया है।