समुद्री सुरक्षा को लेकर सरकार सतर्क। (सौजन्यः सोशल मीडिया) 
मुंबई

समुद्री सुरक्षा को लेकर सरकार सतर्क, हाई-स्पीड गश्ती नौकाएं तैनात, नितेश राणे ने लिया जायजा

मत्स्य पालन और बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने बताया कि सरकार समुद्री सुरक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है।

आंचल लोखंडे

मुंबई: मुंबई राज्य की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मत्स्य पालन और बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने बताया कि सरकार समुद्री सुरक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और अब इस दिशा में हाई-स्पीड गश्ती नौकाएं तैनात कर सुरक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। रविवार को मंत्री राणे ने मुंबई के मछली बंदरगाह परिसर में हाल ही में तैनात की गई आधुनिक गश्ती नौका का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर मत्स्य पालन आयुक्त किशोर तावड़े, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और गश्ती नौकाएं आपूर्ति करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मंत्री राणे ने कहा कि राज्य सरकार ने समुद्री निगरानी के लिए ड्रोन आधारित सुरक्षा तंत्र की स्थापना की है, जो मछुआरों की गतिविधियों की निगरानी के साथ ही आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करता है।

15 आधुनिक हाई-स्पीड गश्ती नौकाएं

इस प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अब 15 आधुनिक हाई-स्पीड गश्ती नौकाएं तटीय क्षेत्रों में तैनात की जाएंगी। इनमें से 5 नौकाएं पहले ही कार्यरत हो चुकी हैं। इन नौकाओं की मदद से अवैध मछली शिकार, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण किया जा सकेगा, साथ ही मछुआरों और समुद्री क्षेत्र में कार्यरत नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

गश्ती नौकाओं की प्रमुख विशेषताएं

  • अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित
  • दो इंजन, प्रत्येक 250 हॉर्सपावर (सुजुकी कंपनी के)
  • गति: 30 नॉटिकल मील प्रति घंटा
  • लंबाई: 13 मीटर से अधिक
  • पूरी तरह फाइबर से निर्मित
  • रडार, ट्रांसपोंडर और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली मौजूद
  • 15 व्यक्तियों की बैठने की क्षमता
  • 900 लीटर तक ईंधन भंडारण की क्षमता इन नौकाओं में सागर पुलिस बल के जवानों की भी तैनाती होगी।

समुद्री परिवहन में नई पहल-वॉटर मेट्रो

मंत्री राणे ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार मुंबई में दिसंबर 2026 तक ‘वॉटर मेट्रो’ शुरू करने की योजना पर काम कर रही है। यह परियोजना मुंबई की यातायात समस्या का समाधान बनेगी। वॉटर मेट्रो एक सुरक्षित, तेज़ और किफायती जल परिवहन माध्यम होगा, जिससे यात्रियों का समय और धन दोनों की बचत होगी।

नागरिकों से सहयोग की अपील

राज्य सरकार की ओर से नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे समुद्री क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या मत्स्य विभाग को दें। इससे सुरक्षा प्रणाली को मजबूत किया जा सकेगा। राज्य सरकार द्वारा समुद्री सुरक्षा को लेकर उठाए जा रहे कदम निश्चित रूप से प्रशंसनीय हैं।

हाई-स्पीड गश्ती नौकाएं और आधुनिक तकनीक की मदद से अब तटीय क्षेत्रों में निगरानी और बचाव कार्य अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा। आने वाले समय में यह प्रणाली न केवल समुद्री अपराधों पर नियंत्रण करेगी, बल्कि समुद्री आपदाओं के समय त्वरित प्रतिक्रिया में भी मददगार साबित होगी।

मुंह पर पट्टी, मोबाइल टॉर्च...रांची की सड़कों पर छात्रों का अनोखा प्रदर्शन, निकाला 2 किमी लंबा मौन मार्च

धर्म और जीवनसाथी चुनना निजी हक, आगरा धर्मांतरण कांड में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला; पुलिस की कार्रवाई पर उठा सवाल

आज की ताजा खबर 11 अगस्त LIVE: हंगामे के कारण लोकसभा कल तक के लिए स्थगित, राज्यसभा में चर्चा जारी

सड़क से संसद तक JPSC-JSSC पर हंगामा, छात्रों के आंदोलन से रांची में गरमाई सियासत; तस्वीरों में देखें

TMC को बड़ा झटका! बैंक खाते फ्रीज केस में दखल देने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, ED के एक्शन को दी गई थी चुनौती