Mumbai News In Hindi: पूर्व और पश्चिम उपनगरों को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (GMLR) परियोजना के तहत दिंडोशी न्यायालय से दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी के बीच बन रहे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, इस फ्लाईओवर का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मनपा अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर के लिए प्रस्तावित कुल 31 खंभों में से 30 खंभों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अब खंभों के बीच बनने वाले स्पैन, दोनों ओर के सॉलिड अप्रोच मार्ग और अन्य संरचनात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त बीएमसी आयुक्त अभिजीत बांगर ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फ्लाईओवर का काम मानसून से पहले पूरा किया जाए। इसके लिए अतिरिक्त मनुष्यबल और मशीनरी की तैनाती बढ़ाने को भी कहा गया है, ताकि तय समय-सीमा का पालन सुनिश्चित हो सके।
जीएमएलआर परियोजना को कुल चार चरणों में विकसित किया जाना है। फिलहाल दिंडोशी, गोरेगांव और दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी के बीच का फ्लाईओवर इस परियोजना का अहम हिस्सा है, जो पूरा होने के बाद पूर्व और पश्चिम उपनगरों के बीच यात्रा को आसान बनाएगा।
इस फ्लाईओवर के शुरू होने से जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड और आसपास के इलाकों में यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है। बीएमसी का मानना है कि जीएमएलआर के पूर्ण होने पर मुंबई की पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा और यात्रियों का समय भी बचेगा।