गरीब रथ एक्सप्रेस में नशेड़ी यात्रियों ने टीटीई से मारपीट कर मशीनें छीनीं।
हमले में टीटीई घायल, वर्दी खून से सनी।
गोधरा में ट्रेन नहीं रुकी, वडोदरा में भी आरोपी नहीं पकड़े गए।
Garib Rath Express TTE Assault: हजरत निजामुद्दीन से बांद्रा टर्मिनस जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में 24 अक्टूबर की रात टिकट जांच स्टाफ पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत यात्रियों ने ट्रेन में सीटी बजाकर उपद्रव किया।
इसका विरोध करने पर यात्रियों के एक समूह ने ड्यूटी पर तैनात टीटीई के साथ मारपीट की। हमले में टीटीई घायल हो गए और उनकी वर्दी खून से सन गई। आरोपियों ने उनका इलेक्ट्रॉनिक फेयर टिकट (ईएफटी) और हैंड हेल्ड टर्मिनल (एचएचटी) मशीन भी छीन ली।
यह घटना हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा टर्मिनस गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12910) में रतलाम से वडोदरा के बीच हुई। ड्यूटी पर तैनात टीटीई अमित और बसंत ने रात 1:27 बजे कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक शराबी यात्री सीटी बजाकर दूसरे यात्रियों को परेशान कर रहा है। स्टाफ ने सुरक्षा की मांग भी की।
इसके कुछ देर बाद, रात 2:14 बजे, उपद्रवी यात्रियों के समूह ने टीटीई बसंत के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उन्हें चोटें आईं और उनके कपड़ों पर खून लग गया। हमलावर उनका ईएफटी और एचएचटी उपकरण लेकर चले गए।
घायल टिकट जांच स्टाफ ने रात 2:34 बजे गोधरा स्टेशन पर आपातकालीन ठहराव देने की गुहार लगाई। हालांकि, उनकी मांग के बावजूद ट्रेन वहां नहीं रोकी गई। इसके बाद ट्रेन वडोदरा स्टेशन पहुंची, जहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम भी उपद्रवी यात्रियों की भारी भीड़ के बीच आरोपियों को ट्रेन से उतारने में असमर्थ रही।
घटना के बाद ट्रेन में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले में बांद्रा टर्मिनस पर भारी पुलिस बल तैनात करने की मांग भी सामने आई है, ताकि मुंबई ट्रेन के पहुंचने पर स्थिति को संभाला जा सके और यात्रियों तथा रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।