Eid-ul-Fitr Celebration Mumbai: पवित्र महीने रमजान के समापन के साथ ही आज पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही उत्साह और सादगी के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार सुबह से ही देशभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों का तांता लगा रहा। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी ईद की विशेष रौनक देखने को मिली, जहां छोटी से लेकर बड़ी मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने पहुंचे।
मुंबई पुलिस ने त्योहार के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कोलाबा, मोहम्मद अली रोड, भायखला, और बांद्रा जैसे प्रमुख इलाकों में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। मुंबई सेंट्रल स्थित वाईएमसीए (YMCA) ग्राउंड और माहिम दरगाह पर सुबह से ही हजारों लोग एकत्रित हुए। नमाज का सिलसिला सुबह 7:00 बजे से शुरू होकर 9:00 बजे तक चला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर 'ईद मुबारक' कहा और देश में अमन-चैन की दुआएं मांगी।
समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी ने ईद-उल-फितर के मौके ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि कहा कि 30 दिनों तक रोज़ा रखने, सुबह से शाम तक नमाज़ अदा करने और रात में अतिरिक्त नमाज पढ़ने के बाद, ईद अल्लाह की तरफ से एक तोहफ़ा है। यह एक ऐसा त्योहार है जहां लोग एक-दूसरे को गले लगाते हैं, यहां तक कि उन लोगों को भी जिनसे शायद महीनों से बात न हुई हो।
अबू आजमी ने कहा कि मैं दुनिया भर के मुसलमानों को ईद की मुबारकबाद देता हूं और लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने गिले-शिकवे दूर करें, एक-दूसरे को फ़ोन करें और मिलकर जश्न मनाएं। अपने गैर-मुस्लिम भाइयों को भी बुलाएं, उनके साथ सेवइयां बांटें और यह संदेश फैलाएं कि 'सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा'। प्यार फैलाएं, नफरत मिटाएं और मिल-जुलकर भाईचारे के साथ रहें; चाहे हिंदू हों या मुसलमान, हम सभी को एक ही ईश्वर ने बनाया है।
यह भी पढ़ें:- मुंबई पुलिस के 3 ‘सुपरकॉप्स’ अचानक भेजे गए शहर से बाहर, विधानसभा चुनावों में इन राज्यों में संभालेंगे मोर्चा
एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने भी इस मौके पर मुंबई के YMCA मैदान में ईद की नमाज अदा की और देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं।