Abhijeet Dipke Wedding Plan: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार द्वारा सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार किए जाने के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर चला कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया है। इस आंदोलन की अभूतपूर्व सफलता के साथ ही सीजेपी को लीड करने वाले युवा नेता अभिजीत दीपके अचानक पूरे देश में जबरदस्त चर्चा और लोकप्रियता के केंद्र बन गए हैं।
सोशल मीडिया पर अभिजीत की फैन फॉलोइंग में आई भारी उछाल के बीच अब उनकी शादी को लेकर नई खबरें सामने आ रही हैं, जिसके बाद उनके समर्थक काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं।
अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने एक प्रमुख मराठी न्यूज चैनल को दिए विशेष इंटरव्यू में खुलासा किया है कि जंतर-मंतर पर छात्रों के सफल आंदोलन का नेतृत्व करने के बाद से उनके बेटे के लिए शादी के रिश्तों की बाढ़ आ गई है।
अनीता दीपके ने मुस्कुराते हुए बताया कि रिश्ते तो पहले भी आ रहे थे, लेकिन आंदोलन की सफलता और सोशल मीडिया पर मिली राष्ट्रीय पहचान के बाद अब देश भर से शादी के लिए लगातार फोन कॉल और प्रस्ताव आ रहे हैं।
जब अनीता दीपके से पूछा गया कि वे अपने बेटे की शादी कब करवाने जा रही हैं, तो उन्होंने इस सवाल को फिलहाल टालते हुए कहा कि अभिजीत अभी हालिया राजनीतिक हलचलों और व्यस्तताओं से बाहर निकल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शादी जब होनी होगी, तब अपने सही समय पर हो जाएगी। पहले अभिजीत को आंदोलन की थकावट और इन सभी चीजों से थोड़ा बाहर आने और सामान्य होने का समय दिया जाना चाहिए।
बहू की पसंद के बारे में बात करते हुए अनीता दीपके ने कहा कि शुरुआत में वे चाहती थीं कि उनके घर में एक सीधी-साधी बहू आए, लेकिन समय और परिस्थितियों के साथ अब उनकी सोच बदल चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिजीत आज जिस मुकाम पर पहुंच गए हैं, वे अपनी जीवनसाथी चुनने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं। अभिजीत जिस भी लड़की को अपने जीवनसाथी के रूप में पसंद करेंगे, परिवार सहर्ष उसे स्वीकार करेगा और उनकी तरफ से कोई मनाही नहीं होगी।