अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास (सोर्स: IANS)
मुंबई

मुंबई में प्रदर्शन करना पड़ा भारी! CJP के तीनों बड़े नेताओं पर LOC जारी, दीपके और रांका भी पुलिस के रडार पर

Lookout Circular On Abhijeet Dipke: मुंबई पुलिस ने CJP के तीन नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास के खिलाफ LOC जारी किया। शिवाजी पार्क प्रदर्शन की FIR और पूरे मामले की जानकारी।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • मुंबई पुलिस ने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका पर LOC जारी किया।

  • पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी हो चुका है।

  • गांधी जयंती पर शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर यह कार्रवाई की गई।

  • देश छोड़कर भागने की आशंका के चलते पुलिस ने तीनों नेताओं की निगरानी बढ़ा दी।

Cockroach Janta Party Leaders Lookout Circular: मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन करना CJP के तीन बड़े नेताओं के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला साबित हो रहा है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के खिलाफ भी मुंबई पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। इससे पहले पार्टी के एक अन्य सह-संयोजक सौरव दास के खिलाफ LOC जारी होने का मामला सामने आया था।

यानी अब पार्टी के तीनों प्रमुख चेहरे पुलिस के इस अलर्ट के दायरे में हैं। यह कार्रवाई 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में हुए गैरकानूनी प्रदर्शन से जुड़ी FIR के सिलसिले में की गई है। पुलिस के मुताबिक, आशंका थी कि तीनों नेता देश छोड़कर जा सकते हैं।

शिवाजी पार्क में प्रदर्शन के बाद दर्ज हुई थी FIR

दरअसल, CJP ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन आयोजित किया था। पार्टी ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह आंदोलन किया था। मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके बाद 3 अक्टूबर को शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। इसमें अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका, प्रणव अहिरे, अजिंक्य शिंदे समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के नाम शामिल किए गए। FIR में 400 से 500 अज्ञात समर्थकों का भी उल्लेख है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 189और 223 के साथ महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई हैं।

देश छोड़ने की आशंका का हवाला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों नेताओं के खिलाफ LOC इसलिए जारी किए गए, क्योंकि उनके देश छोड़कर जाने की आशंका थी। इस घटनाक्रम में पहले सौरव दास का मामला सामने आया था, जब उन्हें 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया।

हालांकि, सौरव दास के मामले में एक अलग पहलू भी सामने आया है। विदेश मंत्रालय ने उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान, पढ़ाई, पते और माता-पिता से जुड़ी जानकारियों में विसंगतियों का हवाला देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस मामले को लेकर दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। 26 नवंबर को केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ मुंबई पुलिस के अनुरोध पर LOC जारी किया गया था।

क्या होता है लुकआउट सर्कुलर?

लुकआउट सर्कुलर यानी LOC एक आधिकारिक अलर्ट होता है, जिसे संबंधित एजेंसी के अनुरोध पर इमिग्रेशन अधिकारियों को भेजा जाता है। इसके जरिए किसी व्यक्ति की अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर नजर रखी जाती है। LOC में दिए गए निर्देशों के आधार पर एयरपोर्ट, बंदरगाह या सीमा पर संबंधित व्यक्ति को रोका जा सकता है या जांच एजेंसी को सूचना दी जा सकती है। हालांकि, हर LOC का मतलब अपने आप गिरफ्तारी नहीं होता।

परिसीमन बिल को लेकर महाविकास अघाडी में रार! सुप्रिया सुले का नरम रुख, जानिए पूरा सियासी समीकरण

26/11 Mumbai Terror Attack: देश के लिए बलिदान या साध्वी का श्राप? शहीद हेमंत करकरे की विवादों से भरी कहानी

घर की छत पर सोलर लगवाने को लेकर सरकार ले आई नया नियम, अब बैटरी लगवाना होगा जरूरी; जानें कब से लागू होगा नियम

UP Politics: बातों से ज्यादा काम करने की जरूरत, इमरान मसूद को खड़गे की दो टूक नसीहत; कहा- गठबंधन होकर रहेगा

भारत में पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर सरकार सख्त, 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर Netflix को निर्देश