BMC KEM Hospital Ashwini Bhide Visit: मुंबई में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अश्विनी भिड़े ने KEM Hospital का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया और सुधार के निर्देश दिए।
आयुक्त ने ‘हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम’ (HMIS) को पूरी तरह लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिया कि इस प्रणाली का प्रभावी उपयोग करें और इसके डैशबोर्ड की नियमित समीक्षा करें।
HMIS के लागू होने से मरीजों की जांच, रिपोर्ट और इलाज से जुड़ी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे न केवल इलाज की प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी और मरीजों का समय बचेगा।
दौरे के दौरान आयुक्त ने पंजीकरण कक्ष, आईसीयू, पुरुष सामान्य वार्ड और दुर्घटना विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम सुझाव दिए।
अश्विनी भिड़े ने KEM Hospital में चल रहे पुनर्विकास कार्यों, नई इमारतों के निर्माण और बेड क्षमता बढ़ाने की योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि ऑपरेशन थिएटर, लैब और अन्य जरूरी सुविधाएं एक साथ होने से मरीजों को तेजी से इलाज मिल सकेगा। साथ ही, एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी भारी मशीनों के लिए भूमिगत कक्ष बनाने की संभावना भी जांचने को कहा।
ये भी पढ़ें :- देवेंद्र फडणवीस की पहल Masoom Child Care Project का विस्तार, बच्चों को मिलेगा मानसिक सहारा
आयुक्त ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत मल्टीस्पेशियलिटी रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू करने के प्रयास करने के निर्देश दिए। यह पहल मुंबई की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई पर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।