बेस्ट इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई में बेस्ट के बेड़े में शामिल होंगी 150 नई ई-डबल डेकर बसें, तकनीकी अड़चनें दूर, अतिरिक्त राशि मंजूर

Mumbai Electric Bus:मुंबई में बेस्ट के बेड़े में 150 नई इलेक्ट्रिक डबलडेकर बसों की आपूर्ति का रास्ता साफ हुआ। बेस्ट समिति ने सुरक्षा तकनीक के लिए अतिरिक्त भुगतान प्रस्ताव को मंजूरी दी।

रूपम सिंह

Mumbai BEST Electric Double Decker Bus: मुंबईकरों और पर्यटकों की पसंदीदा बेस्ट की इलेक्ट्रिक डबलडेकर बसों का बेड़ा अब बढ़ने जा रहा है। तकनीकी और करार संबंधी समस्याओं के कारण तीन साल से अधिक समय से अटकी 150 इलेक्ट्रिक डबलडेकर बसों की आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है। बेस्ट समिति की बुधवार को हुई बैठक में बसों में इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल स्टेबिलिटी कंटोल प्रणाली लगाने के लिए ठेकेदार को प्रति किलोमीटर प्रति बस अतिरिक्त 3.85 पैसे भुगतान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

इसके बाद प्रति किलोमीटर दर बढ़कर करीब 60.25 रुपए हो जाएगी। इससे 150 नई बसों के बेस्ट के बेड़े में शामिल होने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। बेस्ट ने वर्ष 2022 में यात्रियों को आरामदायक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा देने के लिए 200 इलेक्ट्रिक डबलडेकर बसों की आपूर्ति का ठेका दिया था।

कीमत में मामूली बदलाव को मंजूरी

तकनीकी समिति ने करार की शर्तों की समीक्षा की। इसके बाद केंद्र सरकार की अधिसूचना के आधार पर कीमत में मामूली बदलाव को मंजूरी देने की सिफारिश की गई। इसके अनुसार बेस्ट प्रशासन ने संशोधित प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा, जिसे बुधवार को मंजूरी मिल गई।

बेस्ट की महाप्रबंधक सोनिया सेठी के अनुसार इलेक्ट्रिक डबलडेकर बसों में ईवीएससी प्रणाली लगाने के लिए ठेकेदार कंपनी को प्रति किमी प्रति बस अतिरिक्त 3.85 पैसे दिए जाएंगे। यह प्रणाली बस की सुरक्षा, बैटरी प्रबंधन और गति नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण है।

साल के अंत तक शुरू डिलीवरी

बेस्ट के अधिकारी ने बताया कि अब स्विच मोबिलिटी को फैसले की जानकारी दी जाएगी और जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद संशोधित रेट लागू होंगी। कंपनी से अब बसों के निर्माण और डिलीवरी का नया शेड्यूल मांगा जाएगा। हालांकि, सूत्रों के अनुसार बसों की डिलीवरी इस साल के अंत से अलग-अलग चरणों में शुरू होने की उम्मीद है।

150 बसों का रास्ता साफ

इनमें से अब तक केवल 50 बसें ही बेस्ट के बेड़े में शामिल हो पाई है। शेष 150 बसों की आपूर्ति तकनीकी और करार संबंधी समस्या के कारण अटक गई थी। मामला अटॉर्नी जनरल तक भी पहुंचा था। बसों की कमी के कारण यात्रियों की अधिक मांग वाले मागों पर पर्याप्त बसे उपलब्ध कराने में बेस्ट को परेशानी हो रही है। कई मार्गों पर यात्रियों को बस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में 150 नई डबलडेकर बसों के आने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

आनंद ले सकेंगे मुंबईकर

डबलडेकर बसें मुंबईकरों के साथ पर्यटकों में भी काफी लोकप्रिय हैं। इसलिए 150 बसों में से 10 ओपन डेक बसों को खरीदा जाएगा। इससे पर्यटक और मुंबईकर खासकर शाम के समय दक्षिण मुंबई की सैर का आनंद ले सकेंगे। साथ ही बेस्ट को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त हो सकता है।

बसों में होंगी ये सुविधाएं

डबलडेकर ई-बसों में दोनों तरफ ऑटोमैटिक दरवाजे, सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा होगी। इसके अलावा भविष्य में नई सिंगल और डबल डेकर एसी बसें भी बेड़े में शामिल की होने वाली है, जो परिवहन को फिर से पटरी पर लाएगी।

आज की ताजा खबर 20 अगस्त LIVE: भारी बारिश के बाद दिल्ली-एयरपोर्ट रोड और द्वारका अंडरपास में भरा पानी

कांग्रेस नेता सज्जन कुमार का निधन, सफदरजंग अस्पताल में ली अंतिम सांस, 1984 दंगों में मिली थी उम्रकैद की सजा

प्रधान के बाद अब मनन मिश्रा की बारी, दिल्ली में BCI चेयरमैन के खिलाफ सड़कों पर उतरे वकील, क्यों मांगा इस्तीफा?

1937 की गलती दोहरा रही पार्टी, वंदे मातरम पर कांग्रेस के फैसले से भड़के अमित शाह, बोले- देश के बंटवारे की...

मेरी टेबल पर हैं सारे सबूत, खुलासे के लिए मजबूर न करें, सदन में गुस्से से लाल हुए CM विजय, दे डाली चेतावनी