चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर SC सख्त: केंद्र सरकार को जारी किया नोटिस, पूछा- क्यों नहीं हो रही पुलिस रिपोर्टिंग?

Child Pornography Case: चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्ती दिखाइ। इंस्टाग्राम और X पर कंटेंट रिपोर्ट न करने पर केंद्र को नोटिस जारी। कोर्ट ने पूछा- 2024 के फैसले का पालन क्यों नहीं हो रहा?
Supreme Court of India Building
सुप्रीम कोर्ट, सांकेतिक फोटो सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Supreme Court Strict On Child Pornography: सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर पूछा कि इंस्टाग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया मध्यस्थ बच्चों के यौन शोषण से जुड़े मामलों की जानकारी पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को क्यों नहीं दे रहे हैं।

2024 के फैसले का पालन नहीं होने पर उठे सवाल

दरअसल, 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा था कि चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखना और डाउनलोड करना भी अपराध है। कोर्ट ने सोशल मीडिया इंटरमीडियरी के लिए ऐसे कंटेंट की जानकारी पुलिस और संबंधित एजेंसियों को देना जरूरी बताया था। अगर कोई सोशल मीडिया इंटरमीडियरी ऐसे मामलों की रिपोर्ट नहीं करता है तो उसे आपराधिक तौर पर जवाबदेह ठहराया जा सकता है।

एनजीओ ने दायर की थी याचिका

यह मामला एनजीओ ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ की ओर से दायर एक याचिका के बाद सुप्रीम कोर्ट के सामने आया। याचिका में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार और सोशल मीडिया इंटरमीडियरी सुप्रीम कोर्ट के 2024 के फैसले का सही तरीके से पालन नहीं कर रहे हैं। इसी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया और जवाब मांगा कि चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े कंटेंट की रिपोर्ट पुलिस को क्यों नहीं की जा रही है।

इंस्टाग्राम पर तेजी से फैलने का दावा

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फुल्का ने कहा कि मौजूदा समय में इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े वीडियो तेजी से फैल रहे हैं और उन्हें सक्रिय रूप से बढ़ावा भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इंस्टाग्राम के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।

फुल्का ने 2 सितंबर 2024 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि मेटा, टेलीग्राम या किसी भी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए यह जिम्मेदारी है कि बच्चों के यौन शोषण से जुड़ा कोई वीडियो सामने आने पर उसे सिर्फ ब्लॉक ही न किया जाए, बल्कि इसकी सूचना पुलिस को भी दी जाए।

Supreme Court of India Building
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की अचानक बिगड़ी तबीयत, AIIMS में कराए गए भर्ती

वीडियो डाउनलोड और वायरल करने पर भी कार्रवाई

वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में सोशल मीडिया से चाइल्ड पोर्नोग्राफी डाउनलोड करने और देखने वालों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे वीडियो को डाउनलोड कर वायरल करने वालों के खिलाफ सात साल तक की सजा का प्रावधान है।

अब सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बाद केंद्र सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि 2024 के फैसले के निर्देशों को लागू करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट की रिपोर्टिंग को लेकर मौजूदा व्यवस्था कितनी प्रभावी है।