Ajinkya Rahane Breaks Down in Tears Video: भारतीय क्रिकेट के सबसे शांत, संयमित और भरोसेमंद बल्लेबाजों में शुमार अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फाॅर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। हालांकि, जिस क्षण रहाणे अपने क्रिकेटिंग करियर के इस सबसे बड़े फैसले का खुलासा कर रहे थे, वह पल बेहद भावुक कर देने वाला था। उन्होंने संन्यास का ऐलान सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के जरिए किया। संन्यास की बात कहते हुए रहाणे अपने आंसुओं को रोक नहीं सके। उनके होंठ बार-बार कांप रहे थे और आवाज भारी हो गई थी।
वीडियो में बेहद भावुक दिख रहे अजिंक्य रहाणे की आंखों से लगातार आंसू छलकते रहे। कांपती आवाज में उन्होंने कहा कि जिंदगी का यह कड़वा सच है कि जिस चीज की शुरुआत हुई है, उसका अंत भी निश्चित है। मैदान पर बल्लेबाजी करते समय मैंने हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और आज मुझे लगता है कि यह सही समय है जब मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहूं।
अपनी शुरुआती यात्रा को याद करते हुए रहाणे और भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि डोंबिवली से लोकल ट्रेन पकड़कर प्रैक्टिस के लिए जाने वाला वह छोटा सा बच्चा सिर्फ एक ही सपना देखता था देश के लिए नीली और सफेद जर्सी पहनना। मैंने अपने पूरे करियर में देश को हमेशा खुद से ऊपर रखा और पूरी ईमानदारी से खेला।
रोते हुए रहाणे ने कहा कि पिछले 20 वर्षों तक भारतीय क्रिकेट का हिस्सा रहना उनके लिए बहुत बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के तौर पर भले ही मेरा अंतरराष्ट्रीय सफर यहीं रुक रहा है, लेकिन क्रिकेट से मेरा रिश्ता कभी खत्म नहीं हो सकता। मैंने इस खेल से जो कुछ भी सीखा है, उसे अब आने वाली नई पीढ़ी के साथ साझा करूंगा। उन्होंने इस दौरान बीसीसीआई (BCCI), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA), अपने सभी कोचों, साथी खिलाड़ियों, आईपीएल फ्रेंचाइजियों का दिल से आभार व्यक्त किया।
इसके बाद अजिंक्य रहाणे ने अपने फैंस स्पेशल थैक्य यू बोला। उन्होंने कहा कि अजिंक्य का अर्थ होता है कभी न हारने वाला, पर क्रिकेट के कई मैचों में मैंने हार देखी। लेकिन मैंने एक जगह कभी नहीं हारा आपके दिल में, इसके बाद अजिंक्य रहाणे भावुक हो गए। उन्होंने अपने मुंबई और मराठी फैंस को धन्यवाद देने के लिए मराठी में कहा "तुम्ही मला कधी परख मानल नाही", ये कहते ही अजिंक्य की आंखों में आंसू आ गए। "तुम्ही मला कधी परख मानल नाही" इस अर्थ होता है आपने मुझे कभी गैर नहीं समझा। हमेशा अपना माना।
यह भी पढ़ें:- टीम इंडिया के दिग्गज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा, फैंस के लिए लिखा भावुक पोस्ट
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 38.52 की औसत से 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शानदार शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उनके नाम 2,962 रन (3 शतक, 24 अर्धशतक) दर्ज हैं। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत को ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जिताने वाले कप्तान के रूप में भी रहाणे का नाम इतिहास के पन्नों में हमेशा दर्ज रहेगा।