Pune Airport Metro Kalyani Nagar: सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति देने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। पुणे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित कल्याणीनगर-एयरपोर्ट मेट्रो कॉरिडोर को अंतिम मंजूरी दे दी गई है। यह निर्णय केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल की अध्यक्षता में पुणे मेट्रो भवन में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। इस परियोजना के पूरा होने पर पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के प्रमुख मेट्रो रूट सीधे एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे, जिससे यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और तेज, सुविधाजनक व आधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा।
बैठक में शहर के यातायात दबाव को कम करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वनाज-चांदणी चौक मार्ग पर प्रस्तावित मेट्रो विस्तार के तहत कचरा डिपो क्षेत्र से डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने को मंजूरी दी गई है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पौड रोड और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए यह परियोजना बेहद अहम मानी जा रही है। इसके साथ ही पौड फाटा से वनदेवी मंदिर तक भी डबल डेकर फ्लाईओवर का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे वारजे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को लगातार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और पांच प्रमुख सिग्नलों पर लगने वाली भीड़ कम होगी।
परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जब वित्तीय आवश्यकताओं पर चर्चा हुई तो अधिकारियों ने बजट संबंधी चिंता जताई। इस पर मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि किसी भी अधिकारी को फंड की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक वित्तीय संसाधनों और मंजूरियों की व्यवस्था वे स्वयं सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मेट्रो परियोजनाओं का उद्देश्य केवल बजट नहीं, बल्कि शहर के भविष्य और नागरिकों की सुविधा होना चाहिए। साथ ही उन्होंने पीएमपीएमएल बस सेवाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाकर 'लास्ट माइल कनेक्टिविटी' को मजबूत करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें:- मुंबई: चेंबूर स्कूल बस हादसे के बाद BMC का बड़ा एक्शन! तीन अधिकारी निलंबित, 8 दिन में जांच रिपोर्ट
बैठक में पुणे मेट्रो नेटवर्क के व्यापक विस्तार पर भी चर्चा की गई। पीसीएमसी से भक्ति शक्ति चौक, रामवाड़ी से वाघोली, खराड़ी-हडपसर-स्वारगेट-खड़कवासला, नल स्टॉप-वारजे-माणिकबाग और हडपसर से लोणी कालभोर जैसे मागों के विस्तार को गति देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, शेवालेवाड़ी-हडपसर-कात्रज कॉरिडोर को आगे बढ़ाकर चांदणी चौक से वाकड तक विस्तारित करने के लिए नया डीपीआर तैयार करने को कहा गया है। इससे शहर के बाहरी क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आवागमन आसान होगा।