Abu Azmi On Dhurandhar 2: बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की हालिया रिलीज फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' (Dhurandhar 2) बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ रही है, लेकिन अब यह फिल्म एक बड़े राजनीतिक विवाद में फंसती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी ने फिल्म की कहानी और इसके चित्रण को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है। आजमी ने फिल्म को 'पाकिस्तानी फिल्म' करार देते हुए इसके मेकर्स और अभिनेता रणवीर सिंह पर निशाना साधा है।
अबू आजमी ने फिल्म की आलोचना करते हुए कहा कि धुरंधर 2 एक पाकिस्तानी फिल्म जैसी लग रही है। आखिर ऐसी फिल्मों को हिंदुस्तान के लोगों को क्यों दिखाया जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में कुछ ऐतिहासिक तथ्यों और किरदारों को इस तरह पेश किया गया है जो एक खास विचारधारा को बढ़ावा देते हैं।
समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने कहा कि यह झूठी फिल्म, जिसे नफरत फैलाने के लिए बनाया गया है। आजमी ने आगे कहा कि यह फिल्म पाकिस्तान के बारे में है तो वहां दिखाना चाहिए। इसे भारत में दर्शकों को क्यों दिखाया जा रहा है। आजमी ने फिल्म पर मुसलमानों को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सिर्फ कुछ अपराधियों पर ही केंद्रित है, जबकि भारत में हुए कई बड़े अपराधों को नजरअंदाज कर दिया गया है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 2 एक जासूसी थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर सिंह 'जसकीरत सिंह रंगी' उर्फ 'हमजा अली मजारी' नामक एक भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी कराची के अंडरवर्ल्ड और आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के इर्द-गिर्द घूमती है। विवाद की मुख्य जड़ फिल्म में दिखाए गए 'बड़े साहब' (दाऊद इब्राहिम पर आधारित पात्र) और औरंगजेब से जुड़े कुछ संदर्भों को माना जा रहा है। हाल ही में आजमी ने औरंगजेब की प्रशंसा करते हुए उसे एक कुशल प्रशासक बताया था, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी।
विवादों के बावजूद 'धुरंधर 2' को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म ने अपने पहले ही दिन 75 करोड़ रुपये (पेड प्रिव्यू सहित) का शानदार कलेक्शन किया है। वहीं दूसरे दिन यह आंकड़ा 102.55 करोड़ के पार पहुंच गया। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म को इसके हाई-ऑक्टेन एक्शन और सिनेमैटोग्राफी के लिए सराहा जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में भी लागू होगा UCC? धर्मांतरण कानून के बाद समान नागरिक संहिता लाने की तैयारी में फडणवीस सरकार
राजनीतिक गलियारों में फिल्म को लेकर चल रही इस बहस ने सोशल मीडिया पर 'बॉयकॉट' और 'सपोर्ट' की जंग छेड़ दी है। जहां एक तरफ अबू आजमी इसे समाज को बांटने वाली फिल्म बता रहे हैं, वहीं फिल्म के प्रशंसक इसे देशभक्ति से ओत-प्रोत एक मास्टरपीस मान रहे हैं। अब देखना यह होगा कि फिल्म के निर्माता या रणवीर सिंह इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।