सतीश भोसले (फोटो- सोशल मीडिया)
मुंबईः महाराष्ट्र में भातीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुरेश धस के करीबी सहयोगी सतीश भोसले उर्फ खोक्या को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार सुबह बीड लाया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा यह जानकारी दी गई। एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में भोसले को हिरासत में लेने वाली बीड पुलिस की एक टीम सुबह छत्रपति संभाजीनगर हवाई अड्डे पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भोसले को सड़क मार्ग से बीड ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सा जांच के बाद उसे शिरूर अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीड पुलिस ने भोसले के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित तीन मामले दर्ज किये हैं।
प्राधिकारियों ने बृहस्पतिवार को शिरूर स्थित उसके आवास को ध्वस्त कर दिया, जिसके बारे में उनका कहना था कि यह वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था। अधिकारी ने बताया कि आपराधिक मामलों के अलावा, भोसले पर वन अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उसे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि सतीश भोसले के खिलाफ बीड जिले में हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं, जबकि स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है।
गिरोह ने क्रिकेट बैट से किया हमला
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत भी एक मामला दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि शिरुर कासार तहसील के जापेडवाडी निवासी भोसले भाजपा की ‘भटके विमुक्त आघाडी’ का पदाधिकारी है। सतीश भोसले के खिलाफ अहिल्या नगर जिले में भी मामले लंबित हैं। हाल ही में प्रसारित एक वीडियों में वह और उसके गिरोह के सदस्य एक व्यक्ति पर क्रिकेट बैट से हमला करते नजर आए थे।
अवैध शिकार का किया था विरोध
अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय किसान ने भी सतीश भोसले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि जब उनके बेटे ने भोसले के गिरोह द्वारा हिरण का शिकार करने के लिए जाल बिछाए जाने पर आपत्ति जताई तो सतीश भोसले ने उसके चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। पुलिस के अनुसार, उसे बीड जिले की एक अदालत में पेश किया जाएगा।