महाराष्ट्र लाइव ब्रेकिंग 
महाराष्ट्र

Maharashtra News Live: एक क्लिक में पढ़ें आज की सभी प्रमुख खबरें

Today's Maharashtra News 1 July Live Updates: मंगलवार को रवींद्र चव्हाण को महाराष्ट्र भाजपा का नया अध्यक्ष चुनाव गया। जिसकी घोषणा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने की।

आंचल लोखंडे

Maharashtra breaking News LIVE Updates: मंगलवार को रवींद्र चव्हाण को महाराष्ट्र भाजपा का नया अध्यक्ष चुनाव गया। जिसकी घोषणा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने की। वहीं शक्तिपीठ हाईवे के विरोध में शक्तिपीठ हाईवे विरोधी संघर्ष समिति ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। इधर महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक नाना पटोले को असंसदीय शब्दों को प्रयोग करने के लिए निलंबित किया गया। महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस ब्लॉग को स्क्रॉल करें।

भाजपा विधायक ने दिलजीत दोसांझ का समर्थन करने के लिए नसीरुद्दीन शाह की आलोचना की

फिल्म ‘सरदार जी 3' में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर के साथ काम करने को लेकर पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ का बचाव करने के लिए मंगलवार को दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह महाराष्ट्र के एक भाजपा विधायक के निशाने पर आ गए। शाह ने सोमवार को फेसबुक पर एक पोस्ट में अपने विचार साझा किए थे, जिसे बाद में उन्होंने हटा दिया। दक्षिण मुंबई में विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक राम कदम ने शाह की टिप्पणी को हिंदू विरोधी करार दिया और सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। कदम ने कहा कि शाह ने करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

ठाकरे स्मारक पर सरकार के फैसले में दखल देने से हाई कोर्ट का इनकार

बंबई उच्च न्यायालय ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा मुंबई स्थित महापौर के बंगले को शिवसेना संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे के स्मारक में बदलने के फैसले में दखल देने से मंगलवार को इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि इस मामले में नीतिगत निर्णय को चुनौती देने का कोई वैध आधार नहीं है। मुख्य न्यायाधीश आलोक अराधे और न्यायमूर्ति संदीप मार्ने की पीठ ने याचिकाओं को खारिज करते हुए कहा कि वह योजना विशेषज्ञों द्वारा लिये गए निर्णय पर अपीलीय प्राधिकारी के रूप में काम नहीं कर सकती, सिवाय उन मामलों को छोड़कर जहां योजना मानदंडों का "घोर उल्लंघन" हुआ हो।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव में ‘अनियमितता' को लेकर समिति बनाई, पृथ्वीराज चव्हाण करेंगे अध्यक्षता

कांग्रेस ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है, जो पिछले साल हुए राज्य विधानसभा चुनाव में कथित ‘‘अनियमितता'' का विस्तृत विश्लेषण करेगी और चुनावी प्रक्रिया को साफ-सुथरा बनाने को लेकर सिफारिश करेगी।

पुणे में निर्माणाधीन इमारत गिरी, एक मजदूर की मौत

पुणे छावनी क्षेत्र में मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा ढह जाने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। लश्कर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे इमारत की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा टूटकर पीड़ितों पर गिर गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।

नासिक स्थित नोट प्रेस के 7 कर्मचारियों के खिलाफ भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज

नासिक स्थित चलार्थ पत्र मुद्रणालय  (Currency Note Press) के 7 कर्मचारियों के खिलाफ 2022 में यहां आयोजित एक भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जी उम्मीदवारों का इस्तेमाल करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में पिछले महीने नासिक के उपनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था, हालांकि अब इस मामले को सोमवार को पवई पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया क्योंकि विभिन्न पदों पर निकली 149 रिक्तियों के लिए परीक्षा इस क्षेत्र के एक केंद्र पर हुई थी। आरोपियों की पहचान रविरंजन कुमार, संदीप कुमार, शिशुपाल कुमार, आयुष राज, राजीब सिंह, संदीप कुमार और आशुतोष कुमार के रूप में हुई है।

बीड यौन उत्पीड़न मामला में SIT गठित, सीएम फडणवीस ने किया ऐलान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बीड में एक कोचिंग क्लास में नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न की घटना की जांच के लिए मंगलवार को एक वरिष्ठ महिला अधिकारी की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (SIT) के गठन की घोषणा की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक चेतन तुपे ने विधानसभा में व्यवस्था के प्रश्न के तहत यह मुद्दा उठाया।

नागपुर में सड़क पर हुई कहासुनी, एक व्यक्ति की पत्थर मार मारकर हत्या

नागपुर शहर में एक सड़क पर चार लोगों ने मोटरसाइकिल से टक्कर लगने के बाद 32 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी देने हुए बताया कि पुलिस ने सोमवार रात नारा घाट के पास हुई घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पूर्व कांग्रेस विधायक कुणाल पाटिल भाजपा में शामिल

उत्तर महाराष्ट्र में कांग्रेस को तगड़ा झटका देते हुए पूर्व विधायक कुणाल पाटिल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। कुणाल कांग्रेस के कट्टर समर्थक माने जाने वाले परिवार से ताल्लुक रखते हैं और पूर्व मंत्री दिवंगत रोहिदास पाटिल के बेटे हैं। धुले निवासी पाटिल ने कहा कि उनका फैसला स्वैच्छिक है और इसमें जनसमर्थन शामिल है। भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले, रविंद्र चव्हाण और गिरीश महाजन ने पार्टी में पाटिल का स्वागत किया।

रवींद्र चव्हाण ने जताया भाजपा का आभार

महाराष्ट्र भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने के बाद रवींद्र चव्हाण ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा मेरी पहचान है! उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सहित भाजपा प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

रवींद्र चव्हाण बने महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष

रवींद्र चव्हाण महाराष्ट्र भाजपा के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। किरेन रीजीजू ने कहा कि मुंबई में भाजपा की बैठक में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण को सर्वसम्मति से पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।

नारायण राणे ने राज ठाकरे से नजदीकी बढ़ाने को लेकर उद्धव पर साधा निशाना

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के सांसद नारायण राणे ने मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन पर अपने चचेरे भाई एवं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे को परेशान करने का आरोप लगाया। राणे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे में खोई जमीन वापस पाने की ताकत या क्षमता नहीं है और अविभाजित शिवसेना के पतन के लिए अकेले वह ही जिम्मेदार हैं।

शक्तिपीठ हाईवे के विरोध में सांगली में किसानों किया चक्काजाम

प्रस्तावित शक्तिपीठ हाईवे के विरोध में किसानों और स्थानीय लोगों ने सांगली में एक बड़ी सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि हाईवे की वजह से उनकी ज़मीन छिन जाएगी और हज़ारों किसान प्रभावित होंगे। उन्होंने परियोजना को तुरंत रद्द करने की मांग की।

पुणे के ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़ लूट, दुकानदार घायल

पुणे के वडगांव बुद्रुक में दिनदहाड़े 3 अज्ञात लुटेरों ने श्री गजानन ज्वेलर्स से करीब 5 तोला सोना लूट लिया। दुकान की मालकिन, जो एक महिला है, घटना के दौरान घायल हो गई और अस्पताल में इलाज के बाद अब उसकी हालत स्थिर है। लुटेरे मौके से भाग गए और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नासिक कुंभ में बांटी जाएंगी 30 लाख स्टील की थालियां-गिलास

नासिक कुंभ मेले में गोदावरी नदी का तट तथा पूरा परिसर स्वच्छ रहे, इस उद्देश्य से रामतीर्थ गोदावरी सेवा समिति ने 30 लाख स्टील की थालियां, गिलास और कपड़े की थैलियां बांटी जाएंगी।

MNS कार्यकर्ताओं ने मराठी न बोलने पर फास्ट फूड कर्मचारी को पीटा

मुंबई में राज ठाकरे की पार्टी MNS के कार्यकर्ताओं ने मीरा रोड में एक फास्ट फूड कर्मचारी को मराठी न बोलने पर बुरी तरह पीटा, उसे कई थप्पड़ मारे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बीड यौन उत्पीड़न मामले पर सीएम ने विधानसभा में दिया जवाब

बीड कोचिंग क्लास छात्रा यौन उत्पीड़न मामले पर विधानसभा में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मैं सदन और उसके सदस्यों को आश्वस्त करता हूं कि एसआईटी मामले की समयबद्ध तरीके से जांच करेगी और अपराध का पर्दाफाश करेगी। पीड़ितों को न्याय मिलेगा और आरोपियों को सख्त सजा दी जाएगी। इतना ही नहीं, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि आरोपियों को बचाने की कोशिश करने वालों को भी परिणाम भुगतने होंगे।

रत्नागिरी, पुणे घाट और सतारा घाट में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

रत्नागिरी जिले के साथ-साथ पुणे घाट और सतारा घाट क्षेत्रों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने 2 जुलाई 2025 की रात 8.30 बजे तक कोंकण तट के लिए 3.1 से 3.8 मीटर ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की है और छोटी नावों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

आषाढ़ी एकादशी के पर पंढरपुर के लिए 5,200 एसटी बसें चलेंगी

आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर श्रीक्षेत्र पंढरपुर में भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 5,200 एसटी बसों की व्यवस्था की गई है। परिवहन मंत्री और एसटी निगम के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक के अनुसार इन बसों को लाने वाले ड्राइवरों, कंडक्टरों, यांत्रिक कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों और अधिकारियों के लिए मुफ्त चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की गई है। आषाढ़ी वार के दौरान 5, 6 और 7 जुलाई को चंद्रभागा बस स्टैंड, भीमा बस स्टैंड, विठ्ठल बस स्टैंड और पांडुरंग बस स्टैंड पर लगभग 13 हजार एसटी कर्मचारी इस मुफ्त भोजन व्यवस्था का लाभ उठाएंगे।

सरकार ने उद्धव ठाकरे के ही त्रिभाषा फैसले को रद्द: राम कदम

5 जुलाई को महाराष्ट्र सरकार द्वारा हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में लागू करने के दो सरकारी आदेशों को रद्द करने के बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की संयुक्त रैली में भाजपा नेता राम कदम ने कहा, "... दरअसल, देवेंद्र फडणवीस सरकार ने उद्धव ठाकरे के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसमें बच्चों को हिंदी सीखना अनिवार्य कर दिया गया था।

हम किसानों के लिए लड़ते रहेंगे: नाना पटोले

विधानसभा से एक दिन के लिए निलंबित किए जाने पर कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने कहा, "बीजेपी के विधायक और मंत्री दावा करते हैं कि पीएम मोदी किसानों के मसीहा हैं। पीएम मोदी किसानों के मसीहा नहीं हो सकते... जिस तरह से किसानों का अपमान किया जा रहा है, क्या इसीलिए उन्हें सत्ता में लाया गया है?... जब से पीएम मोदी ने सरकार बनाई है, किसानों की आत्महत्या दर बढ़ी है... हम किसानों के लिए लड़ते रहेंगे। हमें सीएम फडणवीस से सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।

नाना पटोले ने गलत नहीं किया,निलंबन का बहिष्कार: वडेट्टीवार

कांग्रेस विधायक नाना पटोले को एक दिन के लिए विधानसभा से निलंबित किए जाने पर महाराष्ट्र विधानसभा सीएलपी और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा, "उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। अगर हम विधानसभा में किसानों के मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं, तो क्या हम गलत हैं?... हमने उनके मुद्दे उठाए हैं और सरकार से किसानों से माफ़ी मांगने को कहा है। लेकिन सरकार ने इस मामले में नाना पटोले को निलंबित कर दिया। इसलिए, हम इसका बहिष्कार कर रहे हैं।

मुंबई में महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में ऑटोरिक्शा चालक गिरफ्तार

नवी मुंबई में 30 वर्षीय एक ऑटोरिक्शा चालक को रास्ते में जा रही एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को पनवेल के विचुंबे निवासी रोहित गोपाल गाडे को भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और धारा 75 (यौन उत्पीड़न) के तहत गिरफ्तार किया।

5 जुलाई को ‘मराठी विजय दिवस' मनाया जाएगा: संजय राउत

महाराष्ट्र सरकार के स्कूलों में त्रि-भाषा नीति संबंधी आदेश वापस लेने के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि वे पांच जुलाई को ‘‘मराठी विजय दिवस'' ​​के रूप में मनाने के लिए एक रैली आयोजित करेंगे।उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति सरकार से राज्य के लोगों को गुमराह करना बंद करने को कहा।

नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने की जिम्मेदारी सरकार की है: शिवसेना (उबाठा)

शिवसेना (उबाठा) के विधायक भास्कर जाधव ने मंगलवार को कहा कि यह राज्य सरकार और विधानसभा अध्यक्ष की संयुक्त जिम्मेदारी है कि वे महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) की नियुक्ति करें।

नाना पटोले को महाराष्ट्र विधानसभा सत्र से दिन भर के लिए निलंबित

विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समीप चढ़ने को लेकर कांग्रेस विधायक नाना पटोले को महाराष्ट्र विधानसभा सत्र से दिन भर के लिए निलंबित किया गया।

नवी मुंबई में एक लाख रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त, पंजाब के 2 लोग गिरफ्तार

नवी मुंबई शहर में पुलिस ने पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1.05 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार देर रात नवी मुंबई के पनवेल इलाके में एक निर्माणाधीन पुल के पास जाल बिछाया।

हम इस सरकार को गजनी सरकार कहते हैं: रोहित पवार

एनसीपी-एससीपी नेता रोहित पवार ने कहा कि इस सरकार को एक बीमारी है और सत्ता में आने के लिए वे कुछ भी कह सकते हैं, और जब वे सरकार बनाते हैं, तो वे अपने वादे भूल जाते हैं। यही कारण है कि हम उन्हें गजनी सरकार कहते हैं... आज हम महाराष्ट्र में किसान दिवस मना रहे हैं इसलिए हम सरकार को किसानों से किए गए वादों की याद दिलाना चाहते हैं।

विधानसभा के बाहर विपक्ष का राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

महा विकास अघाड़ी के नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

'शक्तिपीठ' एक्सप्रेसवे के खिलाफ किसानों का आज हाईवे जाम

शक्तिपीठ हाईवे एक्शन कमेटी मंगलवार को कृषि दिवस पर हाईवे जाम करेगी और किसानों के भारी विरोध का सामना कर रहे शक्तिपीठ हाईवे के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। महाराष्ट्र सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना शक्तिपीठ हाईवे का शुरू से ही विरोध हो रहा है। इसलिए इस बीच कोल्हापुर तक सड़क को बंद कर दिया गया है। किसानों ने इसका विरोध किया है क्योंकि 12 जिलों से गुजरने वाले इस हाईवे से किसानों की लाखों हेक्टेयर जमीन चली जाएगी। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस हाईवे के लिए 20 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे किसानों में फिर से संघर्ष शुरू हो गया है।

जगद्गुरु संत श्री तुकाराम महाराज की पादुकाओं का पवित्र जल स्नान संपन्न

जगद्गुरु संत श्री तुकाराम महाराज की पालकी इंदापुर तालुका के सरती गांव में अपना अंतिम पड़ाव पूरा करने के बाद मंगलवार को सोलापुर जिले के लिए रवाना हुई। सबसे पहले पालकी को नीरा नदी में पवित्र स्नान के लिए ले जाया गया। सोमवार को पालकी को इंदापुर तालुका के सरती गांव में पवित्र स्नान के लिए ले जाया गया। पवित्र स्नान के बाद पालकी सोलापुर जिले में प्रवेश कर गई।

स्वारगेट दुष्कर्म मामले में आरोपी दत्तात्रेय गाडे की जमानत अर्जी खारिज

स्वारगेट एसटी स्टेशन पर बस में 26 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी दत्तात्रेय गाडे की जमानत अर्जी सोमवार को कोर्ट ने खारिज कर दी। गुरुवार (26) को गाडे की जमानत अर्जी पर आरोपी और बचाव पक्ष की ओर से दलीलें पेश की गईं। इस पर सत्र न्यायाधीश ए.एस. गांधी की कोर्ट ने यह आदेश पारित किया। न्यायिक हिरासत में रिमांड पर लिए जाने के बाद यरवदा जेल में बंद गाडे ने कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दी थी।

कल से स्कूल बसें बंद, ट्रांसपोर्टर भी हड़ताल पर

महाराष्ट्र राज्य ट्रक टेम्पो टैंकर बस परिवहन संघ के नेतृत्व में सभी ट्रांसपोर्टरों ने मंगलवार आधी रात से हड़ताल शुरू कर दी है, वहीं राज्य भर के स्कूल बस मालिकों ने बुधवार 2 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। स्कूल बस हड़ताल का असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ने की संभावना है। स्कूल बस मालिक संघ ने बस चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा की जाने वाली अनुचित कार्रवाई, सीसीटीवी, वेबरीडर और जीपीएस जैसी सुविधाओं के लिए ई-चालान के माध्यम से दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ परमिट में बाधा डालने के खिलाफ हड़ताल का आह्वान किया है।

ठाणे में टैंकर ने अज्ञात वाहन को टक्कर मारी, कोई हताहत नहीं

ठाणे शहर में कोई रासायनिक पदार्थ लेकर जा रहे टैंकर ने अज्ञात वाहन को टक्कर मार दी, जिससे मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। ठाणे महानगर पालिका के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि हादसे के कारण टैंकर चालक केबिन में फंस गया और बाद में दमकलकर्मियों ने उसे निकाल लिया।

नाइजीरियाई महिला ड्रग से जुड़े मामले में गिरफ्तार

वर्सोवा पुलिस ने एक नाइजीरियाई महिला को ड्रग से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है और उसके पास से 418 ग्राम कोकीन बरामद की है। जब्त की गई ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में ₹1.42 करोड़ है।

नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपी वडोदरा से गिरफ्तार

मुंबई की विनोबा भावे पुलिस ने 22 वर्षीय नौशाद इसरार अहमद को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया है। वह 2022 में नाबालिग से बलात्कार के एक मामले में तीन साल तक फरार रहा। 14 वर्षीय नाबालिग से बलात्कार के आरोपी ने चार राज्यों में छिपते हुए फर्जी पहचान और 65 सिम कार्ड का इस्तेमाल किया। वह ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करता हुआ पाया गया और उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच जारी है।

भंडारा में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है

भंडारा में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है, बीच-बीच में भारी और हल्की बारिश हो रही है।

अगले 3-4 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश

1 जुलाई को जारी की गई चेतावनी के अनुसार अगले 3-4 घंटों में ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी और पुणे, सतारा और नासिक के घाटों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

कॉटन ग्रीन में नकली नोटों के गिरोह का भंडाफोड़

मुंबई पुलिस ने कॉटन ग्रीन में नकली नोटों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें 25 लाख रुपये के नकली 500 रुपये के नोट जब्त किए गए हैं। एक आरोपी अंकित पाराशर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य अभी भी फरार हैं। गिरोह ने 5 लाख रुपये के नकली नोटों को 1 लाख रुपये में बेचने का लालच देकर लोगों को ठगा।

सोलापुर के हॉटगी रोड एयरपोर्ट पर मॉक ड्रिल

सोलापुर के हॉटगी रोड एयरपोर्ट पर विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना एंबुलेंस और दमकल विभाग को दी गई। महज 11 मिनट में सभी उपकरण एयरपोर्ट पर पहुंच गए। इसके बाद वे एयरपोर्ट पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दमकल विभाग ने 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, यह मॉक ड्रिल अहमदाबाद हादसे की पृष्ठभूमि में की गई थी।इस तरह की मॉक ड्रिल हर दो साल में एक बार होती है, लेकिन अहमदाबाद हादसे के बाद राहत कार्यों का आकलन करने के लिए देश के सभी एयरपोर्ट पर इस तरह की मॉक ड्रिल की गई। अब इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर रविंद्र चव्हाण के नाम पर मुहर

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण का नाम लगभग तय हो गया है। आज इसकी घोषणा हो जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में रवींद्र चव्हाण ने केंद्रीय पर्यवेक्षक किरण रिजुजी को अपना आवेदन सौंपा। इस मौके पर फडणवीस ने भाजपा कार्यालय से मीडिया से बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रवींद्र चव्हाण के नाम पर मुहर लग गई है।

2 जुलाई को संत श्रेष्ठ ज्ञानेश्वर महाराज की पालकी का दूसरा रिंगण

खुडूस फाटा मालशिरस में 2 जुलाई को प्रातः 8 बजे संत श्रेष्ठ ज्ञानेश्वर महाराज की पालकी का दूसरा रिंगण आयोजित होगा। इस पवित्र एवं ऐतिहासिक समारोह के स्वागत के लिए ग्रामीण, ग्राम पंचायत एवं विभिन्न संगठन एकजुट होकर जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं। सैकड़ों वर्षों की परंपरा वाला यह रिंगण समारोह इस वर्ष भी ज्योतिराम वाघ एवं जयवंत सिद के खेत पर आयोजित किया जाएगा। पंचक्रोशी क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं की निगाहें इस समारोह पर टिकी हैं। भक्ति रस में सराबोर यह समारोह सभी के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।

उरमोड़ी बांध के चारों गेट खोलकर 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया

बांध के पश्चिम की ओर जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बांधों में जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार सुबह उरमोड़ी बांध के चारों गेट खोलकर 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस साल बारिश ने प्रतिकूल असर दिखाया है। इससे खेती का काम भी नहीं हो पाया है। इस कारण ज्यादातर बुआई में देरी हो गई है।

कोल्हापुर की शिवसेना ठाकरे गुट में घमासान

शिवसेना के ठाकरे गुट में मचे घमासान पर कोल्हापुर के पदाधिकारियों ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। पार्टी के उपनेता संजय पवार ने अपनी चुप्पी तोड़ी है, जबकि हर्षल सुर्वे ने पार्टी से सीधे इस्तीफा देते हुए वरिष्ठों की गपशप की राजनीति पर नाराजगी जताई है।अचानक इंगवाले के जिला प्रमुख के रूप में निर्वाचित होने की घोषणा की गई। संजय पवार ने कहा कि वे पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे से इंगवाले की विश्वसनीयता और पारदर्शिता की जांच करने का अनुरोध करेंगे।

BRICS Summit 2026 LIVE: पीएम मोदी-पेजेश्कियान के बीच बैठक खत्म, ईरान के विदेश मंत्री अराघची भी रहे मौजूद

Elephant Madhuri Return: वनतारा से कोल्हापुर लौटेगी माधुरी, वापसी से पहले किए गए खास इंतजाम

DUSU Election 2026: चुनावी रण में 6 महिलाएं, 4 पदों के लिए चुनाव; यूनिवर्सिटी प्रशासन की तैयारी पूरी

मोदी ने बताया BRICS की ताकत, पुतिन ने G7 पर साधा निशाना...बिजनेस फोरम में संबोधन की 10 बड़ी बातें

BRICS Business Forum की फैमिली फोटो में शामिल हुए PM मोदी, वैश्विक मंच पर दिखी एकजुटता