माहिम कॉजवे पुल के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण की बाधा दूर करने के लिए बीएमसी ने कार्रवाई की।
जी-उत्तर विभाग ने सोमवार, 23 नवंबर को परियोजना प्रभावित 10 निर्माण हटाए।
पुनर्वास से जुड़े मुद्दों के कारण परियोजना छह से सात वर्षों से लंबित थी।
पुल चौड़ा होने से दक्षिण मुंबई और पश्चिमी उपनगरों के बीच यातायात सुगम होने की उम्मीद है।
District Cooperative Bank Election Shiv Sena: जिला सहकारी बैंक चुनाव ने शिवसेना की अंदरूनी राजनीति में दबे ज्वालामुखी को फोड़ दिया है। महायुति उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करना चालीसगांव के शिवसेना पदाधिकारी राहुल पाटील को इतना भारी पड़ा कि उन्हें सीधे संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। लेकिन निष्कासन के बाद राहुल ने जो सवाल उछाला है, उसने कार्रवाई से ज्यादा पार्टी नेतृत्व को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
राहुल पाटील ने दो टूक कहा कि जिला बैंक चुनाव में भाजपा और शिवसेना महायुति के सहयोगी दल हैं। ऐसे में गठबंधन उम्मीदवारों का प्रचार करना यदि अनुशासनहीनता माना जा रहा है, तो फिर उन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई जिन्होंने पूर्व के चुनावों में खुलेआम शिवसेना उम्मीदवारों के खिलाफ काम किया था? उनके इस सवाल ने संगठन में कथित दोहरे मापदंड की बहस छेड़ दी है।
अजिंता विश्रामगृह में आयोजित पत्रकार परिषद में राहुल पाटील ने आरोप लगाया कि जिला प्रमुख रावसाहेब पाटील ने राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन का डंडा सिर्फ चुनिंदा कार्यकर्ताओं पर चलाया जा रहा है, जबकि प्रभावशाली नेताओं को खुली छूट मिली हुई है।
राहुल पाटील ने विधायक किशोर राहुल पाटील का नाम लेते हुए दावा किया कि नगरपालिका चुनाव के दौरान पार्टी उम्मीदवार के विरोध में प्रचार हुआ था, लेकिन तब किसी ने अनुशासन का मुद्दा नहीं उठाया। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने शिवसेना उम्मीदवारों को चुनावी मैदान छोड़ने के लिए दबाव तक बनाया था। उनके पास इससे जुड़े ऑडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं।
राहुल पाटील ने मांग की कि यदि संगठन वास्तव में निष्पक्ष है तो जिला नेतृत्व की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि वे यह मामला पालकमंत्री गुलाबराव पाटील और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तक ले जाएंगे।
जिला बैंक चुनाव से शुरू हुआ यह विवाद अब एक निष्कासन भर का मामला नहीं रह गया है। यह शिवसेना के भीतर नेतृत्व, निष्ठा और गुटबाजी की लड़ाई का नया अध्याय बनता दिख रहा है। आने वाले दिनों में यह टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।"सवाल निष्कासन का नहीं, पार्टी में 'एक कानून नेताओं के लिए और दूसरा कार्यकर्ताओं के लिए' वाली धारणा का है। राहुल पाटील ने इसी नस पर हाथ रखकर जिले की राजनीति गर्मा दी है।
- नवभारत लाइव के लिए जलगांव से वाहिद काकर की रिपोर्ट