जलगांव जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव
परिवारवाद के खिलाफ किसानों की बगावत
धनंजय पाटील की अगुवाई में सर्वदलीय किसान एकता पैनल मैदान में
7 सीटों पर ट्रैक्टर चुनाव चिह्न से लड़ेगा चुनाव
Sarvdaliya Kisan Ekta Panel Jalgaon District Bank Election: जलगांव जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के चुनाव में अब स्थापित राजनीतिक नेतृत्व को चुनौती देने के लिए किसानों और सामान्य कार्यकर्ताओं का नया मोर्चा सामने आया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष धनंजय पाटील ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्रियों और विधायकों पर परिवारवाद को बढ़ावा देने तथा निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि इसी नाराजगी के चलते सामान्य किसान परिवारों के उम्मीदवारों को लेकर ‘सर्वदलीय किसान एकता पैनल’ बनाया गया है। यह पैनल सात सीटों पर ट्रैक्टर चुनाव चिह्न के साथ चुनाव लड़ेगा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष धनंजय पाटील ने कहा कि जिले के मंत्रियों और विधायकों के पास वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वाले सैकड़ों निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। इसके बावजूद जलगांव जिला बैंक चुनाव में सामान्य कार्यकर्ताओं को अवसर देने के बजाय नेताओं ने अपने परिवार के सदस्यों को ही आगे किया। इससे उन कार्यकर्ताओं में निराशा है, जिन्होंने वर्षों तक संगठन और किसानों के बीच रहकर काम किया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सामान्य किसान परिवारों के कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व का अवसर दिया जाता, तो जिला बैंक में आम किसानों की भागीदारी का संदेश जाता। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी के विरोध में विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों और सामान्य किसान परिवारों के उम्मीदवारों को साथ लेकर पैनल चुनाव में उतारा गया है।
कांग्रेस नेता धनंजय पाटील ने कहा कि जिला बैंक केवल आर्थिक लेन-देन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे किसानों की आर्थिक मजबूती का आधार बनना चाहिए। जलगांव जिले में सूखे और बेरोजगारी की चुनौतियों को देखते हुए बैंक के माध्यम से कृषि आधारित पूरक उद्योगों को बढ़ावा देने की जरूरत है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार हो सकते हैं।
‘सर्वदलीय किसान एकता पैनल’ सात सीटों पर चुनाव मैदान में है। पैनल का चुनाव चिह्न ट्रैक्टर है। पाटील ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिला बैंक में सामान्य किसान परिवारों और कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व दिलाने तथा बैंक को किसानों के हित में काम करने वाली संस्था बनाने के उद्देश्य से लड़ी जा रही है।
- नवभारत लाइव के लिए जलगांव से वाहिद काकर की रिपोर्ट