जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव में बुधवार को बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 11 लाेगों की मौत हो चुकी है। वहीं 40 से अधिक के घायल होने की जानकारी मिली है। इस हादसे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने दुख जताया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात कर हादसे की जानकारी ली। अमित शाह ने जलगांव ट्रेन हादसे पर दुख जताते हुए लिखा कि "महाराष्ट्र के जलगांव में हुआ रेल हादसा अत्यंत दुःखद है। स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए हादसे पर दुख जताया।
महाराष्ट्र के राज्यपाल कहा कि जलगांव के निकट एक अन्य ट्रेन की चपेट में आने से कुछ यात्रियों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत की खबर सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
बता दें कि महाराष्ट्र के जलगांव जिले में पचोरा के पास पुष्पक एक्सप्रेस जो लखनऊ से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर आ रही थी, उसमें अलार्म चेन खींचने की घटना हुई। इस घटना के बाद, कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए। उसी समय कर्नाटक एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। विपरीत दिशा से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने कुछ यात्रियों को अपनी चपेट ले लिया।