Online Trading Fraud In Gadchiroli: महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले से शेयर बाजार और ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का मामला उजागर हुआ है। सोशल मीडिया के माध्यम से शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक कर सलाहकार और एक स्थानीय व्यापारी से कुल 65 लाख रुपये की चपत लगा दी गई। दोनों मामलों का खुलासा 14 जुलाई को हुआ, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला गड़चिरोली के समीपस्थ माडेतुकुम निवासी रूपेश पुंडलिक भुरसे (41) का है, जो पेशे से एक कर सलाहकार (Tax Consultant) हैं। अक्टूबर 2025 में उन्हें एक अनजान व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां मोहन पाटिल नामक व्यक्ति ने खुद को शेयर बाजार विशेषज्ञ बताकर संपर्क किया।
आरोपी ने कस्तूरी स्टील कंपनी में निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा दिया और 'टोटैम-इन' नाम का एक फर्जी ऐप डाउनलोड कराया। विश्वास में आकर कर सलाहकार ने 5 फरवरी 2026 तक विभिन्न बैंक खातों में कुल 21 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब निवेश की गई रकम और मुनाफा वापस नहीं मिला, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
दूसरा मामला गड़चिरोली शहर के रामपुरी वार्ड निवासी व्यापारी दत्तू बाबूराव कलमकर (56) का है। उन्हें टेलीग्राम के जरिए बेंगलुरु की बताने वाली अनया अग्रवाल नामक महिला ने संपर्क किया। आरोपी महिला ने उन्हें अल्ट्रापेक्स प्रो नामक ऐप में ट्रेडिंग करने के लिए प्रेरित किया। व्यापारी ने 4 मार्च से 7 मई 2026 के बीच व्यापारी ने अलग-अलग किश्तों में 44 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ऐप में करीब 60 लाख रुपये का मुनाफा दिखाई दे रहा था, लेकिन जैसे ही उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, उनका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद 20 प्रतिशत पेनल्टी जमा करने पर राशि मिलने का झांसा देकर दोबारा ठगी का प्रयास भी किया गया।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए गड़चिरोली पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश के प्रलोभनों से सावधान रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:- मानसून सत्र से पहले विपक्षी एकता तार-तार! परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन में रार, क्या अकेले पड़ जाएगी कांग्रेस?