मृत युवक (सोर्स: नवभारत फोटो)
छत्रपति संभाजीनगर

उरूस के लिए निकले थे, मौत ने रास्ते में रोका; एक ही बाइक पर सवार थे रिश्तेदार, अस्पताल में दोनों ने तोड़ा दम

Jalna Accident News: खुलताबाद उरूस में शामिल होने जा रहे जालना के तीन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल है।

शफीउल्ला हुसैनी, गोरक्ष पोफली

Jalna Two Youths Killed In Road Accident: खुलताबाद के प्रसिद्ध उरूस में शामिल होने के लिए जालना से निकले तीन युवकों के लिए बुधवार का दिन जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ। अदालत रोड पर रेमंड शोरूम के सामने फ्लाईओवर पर दोपहर करीब 1।45 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि एक वाहन से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। इनमें दो युवक डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल घाटी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान समीर शागीर शाह (18) और परवेज अफसर शेख (17), दोनों निवासी शास्त्री मोहल्ला, जालना के रूप में हुई है। हादसे में अर्शद मदार शाह (16) घायल हुआ है। तीनों आपस में मित्र होने के साथ रिश्तेदार भी बताए गए हैं।

दोस्तों के साथ निकले थे उरूस के लिए

जानकारी के अनुसार, जालना के आठ से दस युवकों का समूह बुधवार को खुलताबाद के उरूस में शामिल होने के लिए रवाना हुआ था। सभी युवक अलग-अलग दोपहिया वाहनों से जा रहे थे। समीर, परवेज और अर्शद एक पल्सर बाइक पर सवार थे। बाइक समीर चला रहा था।

क्रांति चौक फ्लाईओवर से अदालत रोड की ओर उतरते समय रेमंड शोरूम के सामने अचानक एक वाहन उनकी बाइक के करीब आ गया। वाहन से बचने के प्रयास में समीर का बाइक पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बाइक फिसल गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। समीर और परवेज उछलकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराए, जबकि अर्शद सड़क के किनारे जा गिरा।

अस्पताल पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित किया

हादसा होते ही साथ चल रहे अन्य युवकों ने तत्काल तीनों घायलों को घाटी अस्पताल पहुंचाया। समीर और परवेज की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। अर्शद के सिर में चोट आई है और उसका उपचार अस्पताल में जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही वेदांतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस निरीक्षक श्रीनिवास रोयलावार ने बताया कि हादसा वास्तव में किस परिस्थिति में हुआ, इसका पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और साथ मौजूद युवकों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

दूसरे वाहन से कुचलने का परिजनों का दावा

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने दावा किया कि बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एक छोटे मालवाहक वाहन ने समीर और परवेज को कुचल दिया था। परिजनों के अनुसार, इसी वजह से दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और उनकी मौत हुई।

हालांकि, पुलिस की प्राथमिक जांच में बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद उसके फिसलकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस दूसरे वाहन की भूमिका से भी इनकार नहीं कर रही है। इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस संबंधित छोटे मालवाहक वाहन और उसके चालक की तलाश भी कर रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

परवेज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। उसके पिता निर्माण कार्य में मिस्त्री का काम करते हैं और किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। वहीं, समीर के परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। उसके पिता निजी काम करते हैं। घायल अर्शद समीर का चचेरा भाई है।

उरूस में शामिल होने और दोस्तों के साथ खुशी के पल बिताने के लिए घर से निकले इन युवकों में से दो की अचानक मौत से जालना जिले के दोनों परिवारों में मातम पसर गया है। जिस यात्रा को लेकर परिवारों में उत्साह था, वही यात्रा दो घरों के लिए जिंदगी भर का दुख बन गई।

नेपाल में बाढ़ से हाहाकार, मदद के लिए सबसे पहले आगे आया भारत; 10 टन राहत सामग्री भेजी, देखें लिस्ट

चीन में अजित डोभाल का बड़ा दांव, भारत-चीन सीमा वार्ता में 8 मुद्दों पर बनी बात, LAC पर शांति के लिए बड़ा कदम

मणिपुर दहलाने की साजिश नाकाम, 13 उग्रवादी गिरफ्तार, रॉकेट-ग्रेनेड से लैंडमाइन तक बड़े हथियार बरामद

तिब्बत में बाढ़ से तबाही, सद्गुरु के कैलाश यात्रा ग्रुप के लोग फंसे; 77 इमिग्रेशन सेंटर पर, देखें VIDEO

Explainer: नेपाल में अचानक क्यों आई भारी तबाही, क्या है वो असली वजह; जिसने तबाह की सैकड़ों जिंदगियां