Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation: गुंठेवारी नियमितीकरण के लिए खुले भूखंडों पर बेटरमेंट शुल्क में दी गई 50 प्रतिशत छूट का मंगलवार, 15 सितंबर को अंतिम दिन है। छूट का लाभ लेने के लिए सोमवार को अवकाश के बावजूद महानगरपालिका मुख्यालय में संपत्ति धारकों की भारी भीड़ उमड़ी। गुंठेवारी कक्ष से दिनभर में करीब 350 से 400 चालान जारी किए गए, जबकि लेखा विभाग में शाम छह बजे तक 2 करोड़ 25 लाख रुपए शुल्क के रूप में जमा हुए।
आयुक्त अमोल येडगे के निर्देश पर अवकाश के दिन भी गुंठेवारी कक्ष और लेखा विभाग खुले रखे गए। सुबह 10 बजे कार्यालय शुरू होते ही चालान लेने के लिए टप्पा क्रमांक तीन की प्रशासनिक इमारत में लंबी कतारें लग गईं। चालान वितरण के लिए चार काउंटर बनाए गए थे। गुंठेवारी कक्ष के समन्वयक जी. वी. भांगे के अनुसार, दिनभर में सातों चालान पुस्तिकाएं समाप्त हो गईं।
चालान लेने के बाद संपत्ति धारक शुल्क जमा करने के लिए लेखा विभाग पहुंचे। यहां भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शुल्क स्वीकार करने के लिए छह कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। लेखाधिकारी संजय कोलते ने बताया कि शाम छह बजे तक 2 करोड़ 25 लाख रुपए जमा हो चुके थे।
महानगरपालिका ने गुंठेवारी नियमितीकरण के लिए विभिन्न रियायतें घोषित की हैं। खुले भूखंडों के बेटरमेंट शुल्क में 50 प्रतिशत छूट दी गई है। मकानों के लिए बेटरमेंट शुल्क माफ करने के साथ अन्य शुल्क और साइड मार्जिन में 20 प्रतिशत छूट दी गई है। इन रियायतों के कारण पिछले दो माह में महानगरपालिका को गुंठेवारी से करीब 27 करोड़ रुपए की आय हुई है।
इससे पहले शनिवार को अवकाश के दिन भी गुंठेवारी कक्ष खुला रखा गया था। उस दिन 280 संचिकाएं प्राप्त हुईं और 1 करोड़ 79 लाख रुपए शुल्क जमा हुआ। 15 सितंबर के बाद खुले भूखंडों पर 75 प्रतिशत बेटरमेंट शुल्क लागू होगा। यही वजह है कि छूट का लाभ लेने के लिए अंतिम दिनों में संपत्ति धारकों की भीड़ बढ़ गई है।