Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation: छत्रपति संभाजीनगर शहर में संपत्ति कर की बकाया राशि लगातार बढ़ने के कारण महानगरपालिका ने अब बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मनपा के संपत्ति कर विभाग ने एक लाख रुपये से अधिक कर बकाया रखने वाले करीब छह हजार संपत्तिधारकों की सूची तैयार की है। इन बकायेदारों से कर की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। हर गुरुवार को जोन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी बकायेदारों के घर पहुंच रहे हैं। बार-बार आग्रह और सूचना के बावजूद कर का भुगतान नहीं करने वालों की संपत्ति सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
शहर में मनपा के रिकॉर्ड पर करीब 3 लाख 42 हजार संपत्तियां दर्ज हैं। इनमें आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह की संपत्तियां शामिल हैं। इनमें से कई नई और पुरानी संपत्तियों पर बड़ी मात्रा में संपत्ति कर बकाया है। सूत्रों के अनुसार, मनपा के संपत्ति कर की कुल बकाया राशि 800 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। इतनी बड़ी राशि अटकी होने से मनपा के सामने राजस्व बढ़ाने की चुनौती खड़ी हो गई है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अब बड़े बकायेदारों को प्राथमिकता देकर वसूली अभियान तेज किया है।
मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने संपत्ति कर वसूली को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त हर सप्ताह कर वसूली की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। इसके साथ ही सभी जोन में बकायेदार संपत्तिधारकों की अलग-अलग सूची तैयार करने और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए वसूली बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
आयुक्त के निर्देश के बाद संपत्ति कर विभाग ने जोनवार एक लाख रुपये से अधिक बकाया रखने वाले छह हजार संपत्तिधारकों की सूची तैयार की है। अब सूची के आधार पर संबंधित संपत्तिधारकों से संपर्क किया जा रहा है। अधिकारी और कर्मचारी सीधे उनके घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर बकाया कर जमा करने की जानकारी दे रहे हैं। कर जमा करने में टालमटोल करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मनपा ने बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए हर गुरुवार को विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस दिन जोन कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित बकायेदारों के यहां पहुंचते हैं। उन्हें बकाया राशि और भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है। प्रशासन का उद्देश्य केवल नोटिस जारी करना नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष संपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक बकाया राशि वसूल करना है।
अभियान के दौरान कर का भुगतान नहीं करने वाले संपत्तिधारकों के खिलाफ संपत्ति सील करने की कार्रवाई भी की जा रही है। इससे बड़े बकायेदारों में चिंता बढ़ गई है। मनपा अधिकारियों का कहना है कि बकाया राशि जमा करने के लिए संबंधित संपत्तिधारकों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उन्हें भुगतान का अवसर दिया जा रहा है।
कर वसूली अभियान की निगरानी के लिए अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले तथा संपत्ति कर संकलन एवं निर्धारक अधिकारी और उपायुक्त विकास नवाले जोन स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों से नियमित समीक्षा कर रहे हैं। वसूली अभियान में जोन के 141 कर्मचारी सक्रिय हैं। प्रत्येक जोन में बकायेदारों से संपर्क, भुगतान की स्थिति और कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में कर्मचारी एसआईआर के काम में व्यस्त थे। इसके कारण संपत्ति कर वसूली के काम पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा सका। अब एसआईआर के काम के साथ-साथ संपत्ति कर वसूली को भी गति देने के लिए कर्मचारियों को सक्रिय किया गया है। हर गुरुवार की विशेष मुहिम इसी योजना का हिस्सा है।
मनपा के संपत्ति कर विभाग के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अगस्त तक संपत्ति कर के रूप में 76 करोड़ रुपये की वसूली की गई है। इस वर्ष मनपा ने संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य 250 करोड़ रुपये निर्धारित किया है। लक्ष्य की तुलना में अब तक हुई वसूली को देखते हुए आने वाले महीनों में अभियान को और तेज करने की तैयारी है।
मनपा का जोर खास तौर पर बड़े बकायेदारों से राशि वसूल करने पर है। इसके लिए पुराने बकायेदारों के साथ-साथ उन संपत्तिधारकों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिन पर लंबे समय से बड़ी राशि बकाया है। विभाग का मानना है कि बड़े बकायेदारों से प्रभावी तरीके से वसूली होने पर मनपा के राजस्व में महत्वपूर्ण वृद्धि हो सकती है।
संपत्ति कर के साथ मनपा की ओर से जलकर की वसूली पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अप्रैल से अगस्त तक जलकर के रूप में 11 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। मनपा प्रशासन ने दोनों करों की वसूली बढ़ाने के लिए क्षेत्रवार नियोजन करने पर जोर दिया है।
मनपा उपायुक्त विकास नवाले ने कहा कि “संपत्ति कर वसूली की मुहिम हाथ मे ली गई है। थकबाकीदार संपत्तिधारकों की सूची तैयार कर उनसे सख्ती से कर वसूली शुरू की गई है। कर का भुगतान नहीं करने पर बकायेदार की संपत्ति सील करने की कार्रवाई की जा रही है।”