Sindewahi Congress Protest: केंद्र तथा राज्य सरकार की कथित किसान एवं युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की ओर से सिंदेवाही में सोमवार को महामोर्चा निकाला गया। कांग्रेस विधायक विजय वडेटटीवार के नेतृत्व में सिंदेवाही के शिवाजी चौक से शुरू हुए इस मार्च में हजारों नागरिक, महिलाएं, युवा, किसान, मजदूर और कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मोर्चे को संबोधित करते हुए वडेट्टीवार ने केंद्र तथा राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा सरकार अपनी ताकत का इस्तेमाल लोगों के फायदे के लिए नहीं, बल्कि कुछ उद्योगपतियों के फायदे के लिए कर रही है। इस सरकार ने देश की संपत्ति बेच दी है, सरकारी कंपनियों को कमजोर कर दिया है और आम लोगों को महंगाई की खाई में धकेल दिया है। इस सरकार ने पूरे देश को लूटने और देश को गिरवी रखने का है महापाप किया है। उन्होंने कहा कि, महंगाई नंने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है, जबकि किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे और गंभीर हो गए हैं।
सरकार की गलत नीतियों के कारण समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले लाडली बहन स्कीम के जरिए बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद लगभग एक करोड़ महिलाओं को इस स्कीम से बाहर कर दिया गया। धान उगाने वाले किसानों को बोनस नहीं मिला है, कर्ज माफ़ी की घोषणा धोखाधड़ी निकली है और इससे किसानों को कोई फायदा नहीं हुआ है। हर काम में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और 40 परसेंट कमीशन के बिना काम नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि असलियत यह है कि संजय गांधी निराधार योजना और दूसरी योजनाओं के लाभार्थियों को पैसे नहीं मिल रहे हैं और उन्हें ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आम तौर पर कर्जमाफी का फायदा न देकर, कई दबाव वाली शर्ते लगाकर और कंपनियों के नाम पर किसानों की जमीन हड़पने की योजना बनाकर किसानों को बर्बाद करने की साजिश कर रही है। राज्य में शिक्षा व्यवस्था की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि हजारों स्कूल बंद करने के फैसले से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। स्मार्ट मीटर के जरिए जनता को लूटा जा रहा है। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर सरकार के खिलाफ देश भर से आए युवाओं द्वारा गुस्सा जाहिर करते वक्त किये गए लाठीचार्ज की निंदा की।
ततपश्चात एक प्रतिनिधिमंडल की ओर से तहसीलदार के जरिए सरकार को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर सिंदेवाही तालुका कांग्रेस, शहर कांग्रेस महिला कांग्रेस यूथ कांग्रेस, सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी, सिंदेवाही लोनवाही नगर पंचायत के पदाधिकारी, ग्राम कांग्रेस कमेटी, सरपंच संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता और तालुका के नागरिक हजारों की संख्या में मौजूद थे।