Highlights:
राज्य सरकार ने चंद्रपुर में स्वतंत्र पर्यटन स्थल प्रबंधन संस्था स्थापित करने को मंजूरी दी है।
विश्व बैंक की सहायता से संचालित महा-स्ट्राइड परियोजना के पहले चरण में चंद्रपुर सहित पांच जिलों का चयन हुआ है।
ताडोबा के अलावा गोंडकालीन किले, महाकाली मंदिर, आनंदवन और भद्रावती के जैन मंदिरों का समग्र विकास किया जाएगा।
Chandrapur Tourism Development: बाघों के दीदार के लिए दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करने वाले ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के जिले में अब पर्यटन विकास को व्यवस्थित प्रबंधन की ताकत मिलने जा रही है।
ताड़ोबा के साथ जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए चंद्रपुर में स्वतंत्र 'पर्यटन स्थल प्रबंधन संस्था' स्थापित करने को राज्य सरकार ने मंजूरी दी है। विश्व बैंक की सहायता से संचालित 'महा-स्ट्राइड' परियोजना के तहत पहले चरण में राज्य के पांच जिलों का चयन किया गया है, जिनमें चंद्रपुर भी शामिल है।
इस संस्था के गठन से जिले के पर्यटन स्थलों के विकास के लिए स्वतंत्र प्रशासनिक व्यवस्था और आर्थिक नियोजन का ढांचा तैयार होगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ट्रस्ट मंडल गठित किया जाएगा, जबकि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उपाध्यक्ष होंगे। वन, पुलिस, पर्यटन और पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
फिलहाल चंद्रपुर की वैश्विक पहचान मुख्य रूप से ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के कारण है। लेकिन जिले की पर्यटन संपदा केवल जंगल और बाघों तक सीमित नहीं है। गोंडकालीन किले, ऐतिहासिक शिल्पकला, मंदिर, आनंदवन, भद्रावती के जैन मंदिर और महाकाली मंदिर जैसे अनेक आकर्षण भी यहां मौजूद हैं। इन सभी स्थलों को एकीकृत विकास योजना से जोड़कर पर्यटकों का जिले में ठहराव बढ़ाने और पर्यटन का लाभ विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
यह संस्था महाराष्ट्र सार्वजनिक न्यास व्यवस्था अधिनियम, 1950 के तहत स्वतंत्र धर्मार्थ न्यास के रूप में कार्य करेगी। शुरुआती पांच वर्षों तक प्रशासनिक खर्च के लिए राज्य सरकार आर्थिक सहायता देगी।
इसके बाद पर्यटन शुल्क, विज्ञापन, विभिन्न राजस्व स्रोतों और सीएसआर निधि के माध्यम से संस्था को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ताड़ोबा के कारण विश्व पर्यटन मानचित्र पर पहचान बना चुके चंद्रपुर के सामने अब एतिहासिक, सास्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन को भी नइ पहचान दिलाने का अवसर है।
संस्था के माध्यम से पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता और पर्यटक प्रबंधन का स्तर सुधारने पर जोर दिया जाएगा, स्थानीय युवाओं के लिए विशेष कौशल विकास कार्यक्रम और सांस्कृतिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। इससे पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर पैदा होने तथा स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों और युवाओं को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।