Chandrapur Ganeshotsav Police Arrangement: गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाएं रखने और गणेश मंडलों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के लिए चंद्रपुर पुलिस ने ‘एक गणपति-एक पुलिस कर्मचारी’ उपक्रम शुरू किया है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय के निर्देश पर शुरू इस व्यवस्था के तहत पुलिस कर्मचारी गणेश मंडलों के पदाधिकारियों के सीधे संपर्क में रहेंगे।
मंडप की अनुमति से लेकर गणपति आगमन, दस दिवसीय उत्सव और विसर्जन तक पुलिस मंडलों को आवश्यक मार्गदर्शन व सहयोग देगी। जिले में 2 हजार से अधिक गणेश मंडल सक्रिय हैं। प्रत्येक मंडल के लिए अलग पुलिस कर्मचारी नियुक्त करना संभव नहीं होने से छोटे मंडलों को समूह में रखते हुए एक अमलदार या पुलिस कर्मचारी को दो-तीन मंडलों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
संबंधित पुलिस कर्मचारी मंडल पदाधिकारियों के नियमित संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेंगे। अनुमति, यातायात, भीड़ नियंत्रण, ध्वनि प्रदूषण और विसर्जन सहित पुलिस-प्रशासन से जुड़े मामलों में समय रहते मार्गदर्शन किया जाएगा। साथ ही पुलिस की सूचनाएं सीधे मंडलों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा, जिससे नियमों की जानकारी समय पर मिलने के साथ विवाद की आशंका भी कम होगी।
चंद्रपुर जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने कहा कि आगमन से विसर्जन तक मंडलों को पुलिस का सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। अनुमति, यातायात, भीड़, ध्वनि प्रदूषण और विसर्जन जैसे विषयों पर समय रहते समाधान निकालने के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी समन्वय किया जाएगा।