Paddy Farming In Bhandara: भंडारा जिले में खरीफ सीजन की धान फसल की शत-प्रतिशत रोपाई पूरी हो चुकी है। फसल अब बढ़वार की अवस्था में है और रासायनिक खादों की मांग तेजी से बढ़ गई है। यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद मिश्रित और घुलनशील उर्वरकों की कीमतों में भारी वृद्धि ने धान उत्पादक किसानों का खेती का बजट बिगाड़ दिया है। कुछ मिश्रित खादों की बोरियों के दाम में 350 रुपए से लेकर 1,050 रुपए तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
जिले में खरीफ धान का सामान्य क्षेत्रफल 1 लाख 74 हजार 985 हेक्टेयर है। इस वर्ष पूरे क्षेत्र में धान की रोपाई पूरी हो चुकी है। अगस्त महीने में हुई हल्की से मध्यम बारिश से फसलों को राहत मिली है, लेकिन अब बेहतर बढ़वार के लिए पोषक तत्वों की आवश्यकता बढ़ गई है। ऐसे समय में मिश्रित खादों के बढ़े दाम किसानों की चिंता बढ़ा रहे हैं।
वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में प्रमुख मिश्रित खादों के दाम में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 20:20:20 खाद का दाम पिछले वर्ष के 1,250 रुपए से बढ़कर 2,300 रुपए प्रति बोरी पहुंच गया है। इसमें सीधे 1,050 रुपए की वृद्धि हुई है। इसी तरह 10:26:26 खाद का दाम 1,750 रुपए से बढ़कर 2,500 रुपए प्रति बोरी हो गया है।
15:15:15 खाद 1,650 रुपए से बढ़कर 2,200 रुपए और 16:16:16 खाद का दाम 1,550 रुपए से बढ़कर 2,000 रुपए प्रति बोरी पहुंच गया है। मिश्रित खादों के साथ अन्य उर्वरकों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। अमोनियम सल्फेट में प्रति बोरी 400 रुपए, 12:32:26 खाद में 450 रुपए तथा एसएसपी के दाम में 80 रुपए प्रति बोरी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे धान की खेती पर होने वाला उत्पादन खर्च बढ़ने की आशंका है।
प्रशासन की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में यूरिया और डीएपी का पर्याप्त साठा उपलब्ध है। जिले के 600 कृषि सेवा केंद्रों पर यूरिया की 1 लाख 42 हजार 473 बोरियां उपलब्ध हैं। वहीं 137 कृषि सेवा केंद्रों पर डीएपी की 17 हजार 42 बोरियां बिक्री के लिए रखी गई हैं। भंडारा तहसील में 26,476 यूरिया और 4,239 डीएपी की बोरियां उपलब्ध हैं। लाखांदूर में 20,038 यूरिया और 1,292 डीएपी, लाखनी में 19,213 यूरिया और 1,683 डीएपी, मोहाडी में 20,713 यूरिया और 2,868 डीएपी उपलब्ध है। इसी प्रकार पवनी तहसील में 26,556 यूरिया और 4,552 डीएपी, साकोली में 9,886 यूरिया और 961 डीएपी तथा तुमसर तहसील में 19,591 यूरिया और 1,447 डीएपी की बोरियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। जिले में यूरिया 266 रुपए प्रति बोरी और डीएपी 1,050 रुपए प्रति बोरी की नियंत्रित दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।