Bhandara Transport Department: महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल एमएसआरटीसी के भंडारा विभाग में अवैध यात्री परिवहन पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत 110 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख 92 हजार 50 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से यात्री ढोने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है।
हाईकोर्ट के आदेश का सख्ती से पालननागपुर एवं औरंगाबाद खंडपीठ के निर्देशानुसार, किसी भी एसटी बस स्टैंड के 200 मीटर के दायरे में निजी अवैध यात्री वाहनों का खड़ा होना या यात्रियों को चढ़ाना-उतारना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
इसी आदेश के प्रभावी पालन के लिए भंडारा विभाग में संयुक्त विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सुरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी मोहन कानफाडे के मार्गदर्शन में विभागीय यातायात अधिकारी शीतल शिरसाट, सुरक्षा निरीक्षक हरीश इंगोले, सहायक सुरक्षा निरीक्षक सुवर्णा सुरजुसे, शेषराव धनभाते तथा विभाग के सभी डिपो प्रबंधकों द्वारा चलाया गया। अभियान में पुलिस विभाग और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय आरटीओ का भी सहयोग लिया गया।
भंडारा विभाग में अभियान का पहला चरण 5 जून से 15 जून तक चलाया गया था। इसके बाद 1 जुलाई से 10 जुलाई तक दस दिवसीय विशेष अभियान फिर से संचालित किया गया। इस दौरान विभाग नियंत्रक निलेश बेलसरे ने समयसमय पर समीक्षा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
अभियान के परिणामस्वरूप बस स्टैंड के आसपास अवैध रूप से खड़े निजी यात्री वाहनों की संख्या में कमी आई है और यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं वैध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल जुर्माना वसूलने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। भविष्य में बारबार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: अकोला GMC और सुपर स्पेशालिटी अस्पताल पहुंचे विधायक रणधीर सावरकर, औचक निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
ऐसे वाहनों की जानकारी एकत्र की जा रही है और नियमानुसार उनके परमिट निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। गंभीर मामलों में वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों और चालकों से न्यायालय के आदेशों तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।