Maharashtra Politics: भाजपा नेता और महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे के एक बयान से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। पंकजा मुंडे ने कहा कि मुझे राजनीति से रिटायर होने का मन करता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर उन्हें फिर से काम करने की नई ऊर्जा मिलती है। परली महामार्ग की खराब स्थिति पर बोलते हुए पंकजा मुंडे भावुक हो गईं।
उन्होंने कहा कि सड़क की हालत देखकर वह काफी परेशान हुईं और सफर के दौरान उन्होंने अपने निजी सहायक से कहा कि अब थक गई हूं, राजनीति से रिटायर होने का मन करता है। लेकिन सभा स्थल पर पहुंचने के बाद लोगों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर उन्हें फिर से काम करने की प्रेरणा मिली।
यह लाल बत्ती वाली गाड़ी मेरे लिए नहीं, बल्कि आपके विकास के लिए है। इस दौरान पंकजा मुंडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने भाजपा की कोर कमेटी की बैठक से जुड़ा एक अनुभव साझा किया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पंकजा मुंडे के अनुसार, वह दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक के लिए दो-तीन दिन मौजूद थीं। बैठक के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने लंबे और आधिकारिक अमेरिका दौरे से सीधे बैठक स्थल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इतने लंबे सफर के बाद भी प्रधानमंत्री के चेहरे पर थकान नजर नहीं आ रही थी।
ये भी पढे़: नासिक में बच्चों की सेहत से खिलवाड़, स्कूलों के बाहर जंक फूड स्टॉलों की भरमार, FDA के आदेश बेअसर
उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की स्थिति, स्थानीय समस्याओं, संगठनात्मक मुद्दों और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। यह बैठक लगातार करीब साढ़े आठ घंटे चली। इस दौरान केवल दो बार चाय और एक बार कॉफी के लिए थोड़ी देर का विराम लिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे समय प्रधानमंत्री हर मुद्दे पर बारीकी से चर्चा कर रहे थे।