Chhatrapati Sambhajinagar Rath Yatra News: छत्रपति संभाजीनगर, इस्कॉन - वैदिक शिक्षा एवं सांस्कृतिक केंद्र (VECC) की ओर से रविवार, 30 को शहर एवं क्षेत्र में श्री गौर-नितई (कृष्ण-बलराम) रथ यात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों कृष्ण भक्त हरे रामा हरे कृष्ण के जाप में डूब गए थे। रथ यात्रा मार्ग की सफाई की गई थी। जगह-जगह रंगोली बनाकर व फूल बरसाकर रथ यात्रा का स्वागत किया गया।जगह- जगह भक्तों ने आरती की।
इससे पहले रथ यात्रा की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे संस्थान गणपति मंदिर से महाआरती के साथ हुई। तदुपरांत रथ यात्रा गांधी चौक, सराफा रोड, सिटी चौक, गुलमंड़ी, महात्मा फुले चौक, अंबा अप्सरा रोड, नागेश्वरवाड़ी महादेव मंदिर, तापड़िया नाट्यमंदिर, एमपी लॉ कॉलेज, वरद गणेश मंदिर होकर आगे बढ़ी।
समापन समर्थ नगर स्थित राम मंदिर में हुआ। मंदिर की अध्यक्ष डॉ. रोहिणी प्रिया प्रभु की अगुवाई में 15 भक्तों का ग्रुप बड़े जोश के साथ हरे रामा हरे कृष्ण का जाप कर रहा था। कीर्तन में डूबे सैकड़ों कृष्ण भक्त नाचते-गाते व हरे रामा हरे कृष्ण का जाप करते हुए रथ खींच रहे थे। इस दौरान भगवान को पंचपकवान का भोग चढ़ाकर महाआरती की गई। भक्तों को खिचड़ी व राजगिरा लड्डू का महाप्रसाद बांटा गया। अंत में रथ यात्रा की सफलता के लिए परिश्रम करने वाले सभी भक्तों का आभार माना गया।
समर्थ नगर स्थित श्री समर्थ राम मंदिर के सभा मंडप के पंडाल में शाम 6:30 बजे भक्तों ने भजन पेश किया। युवा भक्तों ने सुंदर कुंडल नयन विशाल व छोटी-छोटी गैया भजन पेश किए। उसके बाद डॉ. रोहिणी प्रिया प्रभु ने हरिकथा की कहानी सुनाई।