Chhatrapati Sambhajinagar Buddhist Caves Hanuman Tekdi Security Alert: छत्रपति संभाजीनगर शहर के ऐतिहासिक बौद्ध गुफा (औरंगाबाद लेणी), हनुमान टेकड़ी और निपट निरंजन महाराज परिसर में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए बेगमपुरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शराब सेवन, नशाखोरी, युवतियों से छेड़छाड़, अशांति फैलाने और अन्य अनुचित गतिविधियों की शिकायतों के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीणा यादव के मार्गदर्शन में विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले इस क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेगमपुरा पुलिस थाने की ओर से डायल-112 पेट्रोलिंग, मार्शल पेट्रोलिंग तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए दामिनी दल की विशेष गश्त शुरू की गई है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीणा यादव ने मंगलवार को स्वयं हनुमान टेकड़ी क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ गश्त करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि बौद्ध गुफाओं का परिसर प्रतिदिन शाम छह बजे बंद कर दिया जाता है। इसके बाद सुरक्षा कारणों से पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से पहाड़ी क्षेत्र खाली करने की अपील की गई है। अभियान के दौरान तीन सवारी वाली दोपहिया, संदिग्ध वाहनों और कारों की जांच की गई। बिना कारण घूमने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हनुमान टेकड़ी और बौद्ध गुफा परिसर धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का केंद्र है। यहां अश्लील हरकत, अनुचित व्यवहार, सार्वजनिक शांति भंग करने या सोशल मीडिया के लिए आपत्तिजनक रील बनाने जैसी गतिविधियां बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के विरुद्ध सीधे आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- मकई के छिलकों पर कूदकर प्रैक्टिस कर कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता सिल्वर, जानें कौन है नासिक के सर्वेश कुशारे
छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के अनुसार पूरे क्षेत्र में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीणा यादव ने नागरिकों और पर्यटकों से जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करने, प्राकृतिक एवं धार्मिक वातावरण की गरिमा बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर है, लेकिन सुरक्षित और शांत वातावरण बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।
-नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट