Amravati Women Empowerment: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में मनपा के विश्वरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागार में महिला बचत समूहों के सशक्तिकरण, आर्थिक स्वावलंबन एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
रहाटकर ने कहा कि महिला बचत समूह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग एक करोड़ महिला बचत समूह सक्रिय हैं और उनसे करोड़ों महिलाएं जुड़ी हुई हैं। लखपति दीदी योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं।
बैठक में महिला बचत समूहों द्वारा संचालित स्वरोजगार, कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण तथा महिलाओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने समूहों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में वित्तीय सहायता, ऋण उपलब्धता, उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन, डिजिटल लेनदेन प्रशिक्षण और उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
इससे पूर्व विजया रहाटकर ने महिला बचत समूहों द्वारा लगाए गए उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं के कार्यों की सराहना की। बैठक में महापौर श्रीचंद तेजवानी, सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विभागीय आयुक्त नयना गुंडे, उपमहापौर सचिन भेंडे, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, सभागृह नेता चेतन गावंडे, विपक्ष नेता विलास इंगोले, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिला बचत समूहों की सदस्य उपस्थित थीं।
रहाटकर ने राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे के निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, आर्थिक सशक्तिकरण और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अनेक प्रभावी योजनाएं लागू की हैं, जिससे महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हुआ है।
इस दौरान महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में डॉ. वसुधा बोंडे, डॉ.रविकांत कोल्हे, लता कोल्हे, अंजलि देव, डॉ. पूजा चव्हाण, स्वाती बालापूरे, विजय शर्मा, नेहा वाजपेयी एवं अभय वाजपेयी उपस्थित थे।