Amravati RTO Union Leader: पिछले 8 दिनों से जारी राज्य के मोटर वाहन विभाग कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक द्वारा कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक चर्चा किए जाने और लंबित मांगों पर आश्वासन दिए जाने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही आज से राज्यभर के सभी आरटीओ कार्यालयों में सेवाएं पूर्ववत शुरू हो गई हैं।
RTO कर्मचारी संगठन ने सेवा प्रवेश नियम, पदोन्नति, पदनाम परिवर्तन, सीधी भर्ती नियुक्तियां तथा आश्वासित प्रगति योजना सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 16 जून से हड़ताल शुरू की थी। इस कारण वाहन पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस, कर वसूली और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोटर वाहन विभाग कर्मचारी संगठन के राज्य उपाध्यक्ष तथा अमरावती विभागीय अध्यक्ष अनिल मानकर ने बताया कि शासन द्वारा सकारात्मक रुख अपनाए जाने के बाद जनहित को ध्यान में रखते हुए हड़ताल वापस ली गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर संगठन नजर रखेगा। हड़ताल समाप्त होने से वाहनधारकों, वाहन विक्रेताओं तथा आरटीओ सेवाओं के लिए प्रतीक्षारत नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही विभागीय राजस्व वसूली और लंबित प्रकरणों के निपटारे को भी गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें:- मुंबई में मेयर के सामने मैनहोल में गिरा BMC अधिकारी, घटना के बाद भड़कीं रितु तावड़े, Video वायरल
हड़ताल के दौरान कई विधायकों और सांसदों ने परिवहन मंत्री से हस्तक्षेप कर कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की थी। मंत्रालय में आयोजित बैठक में मंत्री प्रताप सरनाईक ने संगठन पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और पदोन्नति संबंधी मामलों पर तत्काल कार्रवाई तथा अन्य मांगों पर निर्धारित समयसीमा में निर्णय लेने का आश्वासन दिया। साथ ही परिवहन आयुक्त स्तर पर भी विशेष बैठक आयोजित कर लंबित मुद्दों का समाधान करने पर सहमति बनी।