Dhamangaon Railway News: धामणगांव तहसील के कामनापुर घुसली गांव में एक खेत में आठ वर्ष पहले खोई एक तोले की सोने की अंगूठी आखिरकार काली मिट्टी ने उसके मालिक को वापस लौटा दी, जिससे मजदूर की ईमानदारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, कामनापुर घुसली निवासी किसान अरुणकुमार पनपालिया की खेत में करीब आठ वर्ष पहले काम करते समय उनके हाथ से एक तोले की सोने की अंगूठी गिर गई थी। अंगूठी गिरने का पता चलते ही उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन खेत की जुताई हो चुकी होने के कारण पूरे दिन खोजबीन करने के बाद भी अंगूठी नहीं मिली। कई दिनों तक प्रयास जारी रहे, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने उम्मीद छोड़ दी।
इस वर्ष बुआई की तैयारी के दौरान खेत में मजदूर विजय निमुर्ते ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। कुछ दूरी तक काम करने के बाद अचानक काली मिट्टी में उन्हें सोने की चमक दिखाई दी। पास जाकर देखा तो वह एक सोने की अंगूठी थी। विजय निमुर्ते को मालूम था कि वर्षों पहले खेत मालिक की अंगूठी इसी खेत में खो गई थी। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले विजय निमुर्ते ने बिना किसी लालच के तुरंत किसान अरुणकुमार पनपालिया को इसकी सूचना दी और अंगूठी उन्हें सौंप दी।
आठ साल बाद अपनी खोई हुई अंगूठी वापस मिलने से पनपालिया बेहद भावुक हो गए। इस घटना के बाद जहां एक ओर आठ वर्ष बाद खेत से सोने की अंगूठी मिलने की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर मजदूर विजय निमुर्ते की ईमानदारी की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।