Fake UltraTech Cement Amravati Raid: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के बडनेरा क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट के नाम पर कथित तौर पर नकली और घटिया गुणवत्ता का सीमेंट तैयार कर बेचने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर 3.43 लाख रुपये का नकली माल जब्त किया और एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टॉर्क डिटेक्टिव कंपनी से जुड़े नितीन ठाकरे, जो आदित्य बिड़ला समूह की अल्ट्राटेक सीमेंट के लिए जांच कार्य करते हैं, को कंपनी मुख्यालय से नकली सीमेंट तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जांच के दौरान अंजनगांव बारी-माजरी मार्ग स्थित एक पोल्ट्री शेड पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मौके से शेख युसूफ शेख बब्बू (40), निवासी गवलीपुरा, बडनेरा के कब्जे से अल्ट्राटेक और सुपर अल्ट्राटेक नाम से तैयार की जा रही कथित नकली सीमेंट की बोरियां, खाली बैग और अन्य सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान 800 अल्ट्राटेक सीमेंट बैग, 145 सुपर अल्ट्राटेक बैग और 170 खाली बैग सहित कुल 3,43,225 रुपये का माल जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें:- चंद्रपुर मनपा कांग्रेस गुटनेता विवाद खत्म: अडूर की नियुक्ति रद्द, अड़बाले बने नए ग्रुप लीडर
बडनेरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली सीमेंट का निर्माण और बिक्री कब से की जा रही थी तथा इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि प्रसिद्ध ब्रांड के नाम का इस्तेमाल कर बाजार में नकली उत्पाद कितने बड़े स्तर पर सप्लाई किए गए। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।