Akola Murtizapur Farm Dispute Clash: अकोला जिले के मुर्तिजापुर तहसील के एडंली गांव में खेत से कपास की फसल उखाड़ने को लेकर दो रिश्तेदार पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर माना पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर हुई घटना में एक पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई कि खेत से कपास की फसल उखाड़ने का कारण पूछने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ लोग लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता तथा उसके भाई के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया कि पहले पक्ष के लोगों ने विवाद करते हुए लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से हमला कर उन्हें घायल किया।
इस मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों पक्षों की परस्पर विरोधी शिकायतों, घायलों की मेडिकल रिपोर्ट तथा प्रारंभिक जांच के आधार पर माना पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
यह भी पढ़ें:- गड़चिरोली में फिर शर्मसार हुई व्यवस्था, भामरागढ़ में चारपाई और नाव के सहारे अस्पताल पहुंचा गंभीर मरीज
अकोला पुलिस ने इस मामले में नाना धांडे, सार्थक धांडे, श्रीकृष्ण धांडे, कार्तिक धांडे, चेतन धांडे तथा विधि संघर्षग्रस्त एक बालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। इनमें श्रीकृष्ण धांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद एडंली गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा है। मामले की जांच माना पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक गणेश नावकर के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक जोगदंड कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।