Highlights:
अकोला जिला पुलिस ने कुल 2,28,90,046 रुपए की संपत्ति मूल मालिकों को लौटाई।
गुम हुए मोबाइल फोन की कीमत 90,06,096 रुपए बताई गई।
पुलिस ने 48.91 लाख रुपए के वाहन और 11.72 लाख रुपए से अधिक के सोने के आभूषण सौंपे।
Akola Police Action: नवरात्रि के शुभअवसर पर अकोला जिला पुलिस ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए गुम हुए मोबाइल फोन और चोरी का सामान सहित कुल 2 करोड़ 28 लाख 90 हजार 46 रु. की संपत्ति मूल मालिकों को लौटाई। इसमें 526 मोबाइल फोन, 50 वाहन, सोने के आभूषण और नकदी शामिल है।
विशेष पुलिस महानिरीक्षक डॉ. महेश पाटिल के हाथों पुलिस लॉन, अकोला में आयोजित समारोह में यह संपत्ति संबंधित नागरिकों को सौंपी गई। पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में आयोजित इस उपक्रम से नागरिकों में संतोष और पुलिस के प्रति विश्वास का माहौल दिखाई दिया।
पुलिस ने तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण और लगातार प्रयासों के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन तथा चोरी की संपत्ति का पता लगाया। सामान वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने अपने संबोधन में कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना जरूरी है, क्योंकि शुरुआती कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।
पुलिस की ओर से लौटाई गई संपत्ति में 526 मोबाइल फोन की कीमत 90,06,096 रु., सोने की लगड़ और आभूषणों की कीमत 11,72,674 रु. तथा 50 वाहनों की कीमत 48,91,000 रु. बताई गई है। इसके अलावा 78,20,276 रु. की नकदी भी शामिल है। साइबर पुलिस स्टेशन ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से संबंधित 49,46,276 रु. की राशि भी वापस दिलाई। पुलिस के अनुसार, लौटाई गई कुल संपत्ति का मूल्य 2,28,90,046 रु. है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी उपस्थित थे।
विशेष पुलिस महानिरीक्षक डॉ. महेश पाटिल ने अकोला पुलिस दल के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की मेहनत की कमाई से खरीदी गई वस्तुएं, मोबाइल और अन्य कीमती सामान वापस मिलना केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे पुलिस के प्रति नागरिकों का विश्वास भी मजबूत होता है। पुलिस की वास्तविक सफलता केवल अपराधों की जांच करने में नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और उनके चेहरों पर संतोष की मुस्कान लाने में है।
अकोला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। साइबर धोखाधड़ी होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क करें। मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें और अनजान लिंक, ओटीपी साझा करने तथा संदिग्ध कॉल से बचें।