Akola Police First In Maharashtra: अपराध और अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क प्रणाली (सीसीटीएनएस) के प्रभावी उपयोग में अकोला जिला पुलिस दल ने संपूर्ण महाराष्ट्र में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।राज्य अपराध अन्वेषण विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा घोषित मई 2026 के मूल्यांकन में अकोला पुलिस ने 202 में से 202 अंक (100 प्रतिशत) प्राप्त किए। सीसीटीएनएस प्रणाली का उद्देश्य देशभर के पुलिस थानों का कामकाज ऑनलाइन और पारदर्शी बनाना है।
अकोला पुलिस ने इस प्रणाली के अंतर्गत 971 मामलों की 100 प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन की और यह जानकारी नागरिकों के लिए सिटीजन पोर्टल पर उपलब्ध कराई। महिला और बालक विरोधी अपराधों में आईटीएसएसओ पोर्टल की मदद से सभी मामलों में समय पर दोषारोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। अपराधों की खोज के लिए क्राइमैक और आईसीजेएस राष्ट्रीय पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया गया।
प्राप्त ई-शिकायतों का 100 प्रतिशत निवारण किया गया और अज्ञात शव व लापता व्यक्तियों की पहचान में भी सीसीटीएनएस प्रणाली सहायक रही। पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण, समीक्षा बैठकें और अपराध परिषदों में कार्य की सतत निगरानी की गई।
इस सफलता में सीसीटीएनएस नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी, अपराध शाखा निरीक्षक नितिन लेव्हरकर, सहायक निरीक्षक पुष्पलता शिरसाट (वाघ) तथा पुलिस कर्मचारी सतीश भातखडे, निखिल सावले, रामसिंग जाधव, शुभम सुरवाडे और नारायण नाईक सहित सभी पुलिस थानों के सीसीटीएनएस कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।